उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में प्रॉपर्टी खरीदने वालों का उत्साह चरम पर देखने को मिला है। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) की ओर से 12 और 13 सितंबर को आयोजित की गई ई-नीलामी में आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की रिकॉर्ड कीमत लगी। नीलामी में सबसे अधिक रुझान और प्रतिस्पर्धा गंगानगर योजना में देखने को मिली, जहां 22,500 रुपये प्रति वर्गमीटर के सर्किल रेट वाले आवासीय भूखंडों की बोली 85,000 रुपये प्रति वर्गमीटर से भी ऊपर पहुंच गई, जो कि सर्किल रेट से करीब चार गुना अधिक है।
201 भूखंडों के लिए आयोजित हुई थी ई-नीलामी मेडा द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय ई-नीलामी प्रक्रिया में शहर की विभिन्न प्रमुख कॉलोनियों के कुल 201 भूखंडों को शामिल किया गया था। इनमें 134 व्यावसायिक और 67 आवासीय प्लॉट शामिल थे। व्यावसायिक भूखंड पल्लवपुरम, गंगानगर, रक्षापुरम, लोहिया नगर, डिफेंस एन्क्लेव, सैनिक बिहार, पांडवनगर, श्रद्धापुरी, वेदव्यासपुरी, स्पोर्ट्स गुड्स कॉम्प्लेक्स और शताब्दीनगर में स्थित थे। वहीं, आवासीय प्लॉट पांडवनगर, पल्लवपुरम, गंगानगर, शताब्दीनगर, डिफेंस एन्क्लेव और लोहियानगर में बोली के लिए रखे गए थे।
गंगानगर और डिफेंस एन्क्लेव में सबसे ज्यादा होड़ नीलामी के आंकड़ों के अनुसार, गंगानगर के एच और आई ब्लॉक में स्थित 26 आवासीय प्लॉट तथा यू और एक्स ब्लॉक के एक-एक प्लॉट पर जबरदस्त बोलियां लगाई गईं। गंगानगर में ही नर्सिंग होम और कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए आरक्षित भूखंड की कीमत 1.50 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर तक पहुंच गई। इसके अलावा, कंकरखेड़ा स्थित डिफेंस एन्क्लेव के दो व्यावसायिक भूखंडों पर भी कारोबारियों और निवेशकों ने भारी रुचि दिखाई, जहां बोली 1.50 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर से अधिक दर्ज की गई।
मेडा प्रशासन कर रहा बोलियों की समीक्षा प्रॉपर्टी बाजार के जानकारों का मानना है कि outer ring road से गंगानगर और किला परीक्षतगढ़ रोड की घटती दूरी तथा लगातार हो रहे विकास कार्यों के कारण इन इलाकों में मांग काफी बढ़ी है। मामले में मेडा सचिव अर्पित गुप्ता ने जानकारी दी कि 12 और 13 सितंबर को आयोजित हुई ई-नीलामी की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। लोगों ने ई-नीलामी में बहुत अच्छी रुचि दिखाई है। फिलहाल किस स्थान पर भूखंड की कितनी कीमत लगी है और नियमानुसार अंतिम स्वीकृति की क्या प्रक्रिया रहेगी, इसकी पूरी समीक्षा की जा रही है।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›
Sabse pehle comment karne wale banein.