Aadhaar Card Update Bijnor: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में आधार कार्ड धारकों के लिए एक जरूरी खबर है। अगर आपका आधार कार्ड 10 साल या उससे अधिक पुराना है, तो उसे तुरंत अपडेट करा लें। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित आधार अनुश्रवण समिति की त्रैमासिक बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रणविजय सिंह ने इसके सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं और विभिन्न सेवाओं का निर्बाध लाभ लेने के लिए आधार का नवीनतम डेटा होना अनिवार्य है।

पहचान और प्रमाण के लिए अपडेट है जरूरी बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि पिछले एक दशक में आधार सबसे महत्वपूर्ण पहचान पत्र बनकर उभरा है। जिन लोगों ने 10 साल पहले अपना आधार बनवाया था और आज तक उसमें कोई बदलाव या अपडेट नहीं किया है, उन्हें अब अपने पते और पहचान के दस्तावेज (POI/POA) अपडेट करने होंगे। ऐसा न करने पर भविष्य में प्रमाणीकरण या सत्यापन के दौरान असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। नागरिक 'माई आधार' (MyAadhaar) पोर्टल के जरिए ऑनलाइन या नजदीकी नामांकन केंद्र पर जाकर यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

जिले में आधार केंद्रों की स्थिति अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंशिका दीक्षित ने आधार सेवाओं की प्रगति रिपोर्ट साझा की। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 12 एजेंसियां काम कर रही हैं, जिनके पास कुल 237 किट मशीनें उपलब्ध हैं। अगस्त 2026 के आंकड़ों के अनुसार जिले में 7,086 नए आधार कार्ड बनाए गए, जबकि 37,814 आधार कार्ड अपडेट किए गए।

जानिए क्या है नया शुल्क और कहां है फ्री सेवा अपर जिलाधिकारी ने भारत सरकार की गाइडलाइन के तहत निर्धारित नए शुल्क की जानकारी भी दी:

  • निशुल्क सेवाएं: नए आधार का रजिस्ट्रेशन बिल्कुल मुफ्त है। इसके अलावा 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष तक के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट तथा 7 से 15 वर्ष तक के बच्चों की अवधि बढ़ाने के कार्यों पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

  • बायोमेट्रिक अपडेट: फिंगरप्रिंट, आंखों की पुतली (आइरिस) या फोटोग्राफ बदलने के लिए 125 रुपये (GST सहित) देने होंगे।

  • डेमोग्राफिक अपडेट: नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर बदलवाने का शुल्क 75 रुपये (GST सहित) तय किया गया है।

  • पीवीसी और प्रिंटिंग: 1 जनवरी 2026 से पीवीसी (PVC) कार्ड के लिए 75 रुपये और ए4 साइज की कलर प्रिंटिंग के लिए 40 रुपये निर्धारित हैं।

पोर्टल पर मिलेगी मुफ्त सुविधा नागरिकों को राहत देते हुए 'माई आधार' पोर्टल पर 14 जून 2027 तक डॉक्यूमेंट अपडेट को पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। हालांकि, अगर आप यही काम पंजीकृत केंद्रों पर कराते हैं, तो इसके लिए 75 रुपये का शुल्क देना होगा। किसी भी समस्या या शिकायत के लिए यूआईडीएआई (UIDAI) के टोल फ्री नंबर 1947 या लखनऊ कार्यालय के नंबर 0522-2304978 और 2304979 पर संपर्क किया जा सकता है। इस बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन