मेरठ, 21 सितंबर। पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय खरखोदा में सोमवार को स्कूल सुरक्षा ऑडिट किया गया। ऑडिट के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को विभिन्न आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। आपदा प्रबंधन विषय विशेषज्ञ मुकुंद वल्लभ शर्मा ने कहा कि अलग-अलग समय पर आने वाली प्राकृतिक और अन्य आपदाओं के प्रति विद्यार्थियों को लगातार प्रशिक्षित और जागरूक किया जाना जरूरी है।
आकाशीय बिजली और सर्पदंश से बचाव की दी जानकारी
आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण के दौरान मुकुंद वल्लभ शर्मा ने आकाशीय बिजली से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि बिजली चमकने या आकाशीय बिजली की आशंका के दौरान पेड़ों, तालाब और बिजली-टेलीफोन के खंभों व तारों से दूर रहना चाहिए। इस दौरान हाथ में मौजूद किसी भी लोहे या अन्य धातु की वस्तु को दूर रखने की सलाह दी गई।

उन्होंने सर्पदंश की स्थिति में भी तत्काल चिकित्सा सहायता लेने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई लोग झाड़-फूंक कराने या सपेरों को खोजने में समय गंवा देते हैं। सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए। उन्होंने काटे गए स्थान को साबुन और पानी से अच्छी तरह धोने की जानकारी भी दी।

स्कूल की सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया गया बारीकी से निरीक्षण
उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार टाइम्स प्रो, लखनऊ की टीम द्वारा जनपद के सरकारी विद्यालयों में स्कूल सुरक्षा ऑडिट किया जा रहा है। इसी क्रम में पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय खरखोदा का भी सुरक्षा ऑडिट किया गया।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›ऑडिट टीम ने विद्यालय में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं और आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। टीम ने रसोई, शौचालय, पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं, कक्षाओं, स्टाफ रूम, गतिविधि कक्ष, गेट और खिड़कियों की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके अलावा टीवी, इमरजेंसी लाइट और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का भी मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में जिन सुविधाओं की कमी अथवा आवश्यकता सामने आई, उनकी जानकारी उत्तर प्रदेश शासन को उपलब्ध कराने के लिए संकलित कर ऑनलाइन भेजी गई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक को भी ऑडिट के निष्कर्षों से अवगत कराया गया।
अग्निशमन यंत्रों के इस्तेमाल का दिया प्रशिक्षण
स्कूल सुरक्षा ऑडिट टीम में आपदा प्रबंधन विषय विशेषज्ञ मुकुंद वल्लभ शर्मा, सिविल इंजीनियर अभिषेक त्यागी तथा फायर एवं अग्नि विशेषज्ञ विवेक कुमार शामिल रहे। टीम ने विद्यालय में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की जानकारी भी दी।
मुकुंद वल्लभ शर्मा ने कहा कि स्कूल सुरक्षा ऑडिट का उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना और आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित विद्यालय सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
भूकंप, बाढ़ और सड़क सुरक्षा पर भी जागरूक किया
ऑडिट के बाद आयोजित आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण में विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को विभिन्न आपदाओं की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपाय बताए गए। प्रशिक्षण में सर्पदंश, आकाशीय बिजली, भूकंप, शीतलहर, लू, सड़क सुरक्षा, नाव दुर्घटना और बाढ़ जैसे विषय शामिल रहे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में यह अभियान जोनल कोऑर्डिनेटर देवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। मेरठ में डीसी नरेंद्र कुमार और आईटी विशेषज्ञ शिवम के सहयोग से इसे क्रियान्वित किए जाने की जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार शर्मा की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण लिया। इस अवसर पर रचना शर्मा, मधू कश्यप, तरुण कुमार, नीरज, चंचल, अर्चना, अंजली, बबिता, श्यामा परवीन सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
Sabse pehle comment karne wale banein.