मेरठ न्यूज: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एसएसपी कार्यालय के बाहर बुधवार दोपहर उस समय भारी हड़कंप मच गया, जब एक 45 वर्षीय महिला हाथ में चाकू लेकर पहुंच गई। मनचले की छेड़छाड़ और थानों से पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर महिला ने अपने हाथ की नस काटकर जान देने की धमकी दी। करीब 40 मिनट तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद सिविल लाइन पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए महिला के हाथ से चाकू छीनकर उसकी जान बचाई।
कांवड़ यात्रा के समय से मिल रही दुष्कर्म की धमकियां जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से हिमाचल प्रदेश की रहने वाली यह महिला वर्तमान में मेरठ के सरधना क्षेत्र के एक गांव में अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती है। उसके पति प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं। महिला का आरोप है कि 21 साल का विनय नाम का युवक 28 जुलाई (कांवड़ यात्रा) से उसे लगातार परेशान कर रहा है। युवक ने कहीं से उसका नंबर हासिल कर लिया था और शुरुआत में मिस्ड कॉल करने लगा। महिला के अनुसार, अब आरोपी रात में फोन कर अश्लील बातें करता है और मना करने पर घर आकर दुष्कर्म करने की धमकियां देता है।

आरोपी के गांव में भी किया था हंगामा इस प्रताड़ना से तंग आकर महिला आरोपी विनय के गांव भी पहुंच गई थी, जहां उसे देखकर करीब 20 लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला ने बताया कि वह गुस्से में एक पेड़ पर चढ़ गई थी और नीचे गिरने से उसे चोटें भी आईं। उस समय गांव के प्रधान ने आरोपी को समझाने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद आरोपी की ओर से कॉल्स और मैसेज आना बंद नहीं हुए। जब महिला ने प्रधान से शिकायत की, तो उन्होंने हर बार यही कहा कि विनय घर नहीं आया है।

पुलिस की अनदेखी से भड़की महिला पीड़िता का कहना है कि उसने कंकरखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और आरोपी के मैसेज और कॉल के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे थे। पुलिस ने दो दिन में आरोपी को बुलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे जब वह एसएसपी कार्यालय अपनी शिकायत लेकर पहुंची, तो गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने यह कहकर उसे रोक दिया कि अधिकारियों के मिलने का समय खत्म हो चुका है। मंगलवार को भी उसे ऐसे ही वापस लौटा दिया गया था। बार-बार पुलिस की इस अनदेखी से भड़क कर महिला ने गेट पर ही चाकू निकाल लिया।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›इंस्पेक्टर ने पीछे से जाकर छीना चाकू महिला के उग्र रूप को देखकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी अरुण भाटी महिला पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे। जब महिला बातों से शांत नहीं हुई और 40 मिनट तक ड्रामा चलता रहा, तो इंस्पेक्टर भाटी ने पीछे झाड़ियों के रास्ते जाकर अचानक महिला का हाथ पकड़ लिया और चाकू छीन लिया।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस को जैसे ही सूचना मिली, तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित रोक लिया गया। महिला को आई हल्की चोटों के उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने महिला के पति को भी सूचना दे दी है, जिसने बताया कि महिला का इलाज चल रहा है। पुलिस महिला की मानसिक स्थिति और पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Sabse pehle comment karne wale banein.