मेरठ के फतेउल्लापुर रोड पर शुक्रवार को स्क्रैप कारोबारी हारुन पर हुए जानलेवा हमले के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस गोलीकांड के मुख्य आरोपी रवीश ने शनिवार को एसएसपी (SSP) ऑफिस पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया है। आरोपी को पुलिस द्वारा फर्जी मुठभेड़ (एनकाउंटर) का डर सता रहा था। रवीश के सरेंडर के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके पिता और दूसरे मुख्य आरोपी इरशाद की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। हमले में घायल कारोबारी हारुन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
सरेंडर लेटर में किया यह दावा सरेंडर के दौरान रवीश ने पुलिस को एक पत्र भी सौंपा है, जिसमें उसने खुद को बेकसूर बताया है। रवीश के मुताबिक, 11 सितंबर की दोपहर हारुन और सोनू कुछ अन्य लोगों के साथ उनके घर आए थे और पिता इरशाद से कमेटी के पैसों की मांग करते हुए गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। रवीश का दावा है कि हारुन ने जान से मारने की नीयत से हमला किया और फिर अपनी पिस्तौल से फायरिंग की कोशिश की, लेकिन छीना-झपटी के दौरान गोली खुद हारुन को ही लग गई। रवीश ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसकी मां और बहन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जिन्हें छुड़ाने और जांच में पूरा सहयोग करने के उद्देश्य से उसने सरेंडर किया है।
24 लाख का विवाद और 10 राउंड फायरिंग दूसरी ओर, पीड़ित हारुन के परिवार का बयान बिल्कुल अलग है। हारुन के भाई उमर ने पुलिस को बताया कि इरशाद पर करीब 24 लाख रुपये बकाया थे। इसी रकम के लेन-देन को लेकर यह खूनी खेल हुआ। परिजनों का आरोप है कि इरशाद, रवीश और उनके एक परिचित फिरोज ने हारुन पर ताबड़तोड़ करीब 10 राउंड फायरिंग की। हारुन को सीने और कमर में तीन गोलियां लगी हैं। गोली लगने के बावजूद हारुन करीब 500 मीटर तक भागा और फिर सड़क पर गिर गया।
थाना लोहियानगर क्षेत्रान्तर्गत दिनांक 11-09-2026 को न्यू इस्लामनगर में पैसे के लेन-देन के विवाद के प्रकरण में वांछित अभियुक्त द्वारा आत्मसमर्पण एवं पुलिस कार्यवाही के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,मेरठ महोदय की बाइट।#MEERUTPOLICE #UPPOLICE pic.twitter.com/bkdRNYZv6E
— MEERUT POLICE (@meerutpolice) September 12, 2026
घर की तलाशी में 30 लाख कैश बरामद एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि पुलिस की सख्त कार्रवाई और लगातार दबिश के दबाव में आकर रवीश ने सरेंडर किया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने इरशाद के घर की तलाशी भी ली है, जहां बेड बॉक्स के अंदर से 30 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद रकम का 24 लाख के विवाद से कोई सीधा संबंध है या नहीं। घटनास्थल से दो हथियार भी मिले हैं। फिलहाल पुलिस सभी कड़ियों को जोड़ रही है और फरार इरशाद की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
Sabse pehle comment karne wale banein.