उत्तर प्रदेश के मेरठ छावनी स्थित Army Public School Meerut Cantt में बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को वार्षिक एथलेटिक्स चैंपियनशिप के प्रथम दिवस का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस दो दिवसीय खेल समारोह के पहले दिन छात्रों ने अपनी अद्वितीय खेल प्रतिभा, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एस ओ विद्यालय कर्नल दिनेश सहगल उपस्थित रहे, जबकि भारत और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाज सुश्री वसुंधरा तेवतिया ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

मशाल दौड़ और मार्च पास्ट के साथ हुआ रंगारंग आगाज

खेल समारोह का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल दिनेश सहगल द्वारा मशाल प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यालय के स्पोर्ट्स कैप्टन और विभिन्न सदनों के खिलाड़ियों ने परिसर में मशाल दौड़ लगाकर खेल भावना और प्रतिबद्धता का संदेश दिया। प्राथमिक विंग की स्कूल कैप्टन अक्षिता भाटी और वाइस कैप्टन कैसिफ़ ने गरिमामय माहौल में ध्वजारोहण की रस्म पूरी की।

जंतर–मंतर गेम खेलें। पुलिस बनकर कॉकरोचों को पहचानो या आंदोलनकारी बनकर पहुंचो जंतर मंतर। खेलें ▶

इसके उपरांत प्राथमिक विंग के नन्हे-मुन्ने छात्रों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। अनुशासित कदमताल और समन्वित तालमेल का परिचय देने वाले सदनों को सम्मानित भी किया गया। मार्च पास्ट प्रतियोगिता में वैद्य हाउस ने 100 में से 99 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सुंदरजी हाउस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

100 मीटर दौड़ में सौरभ और वाणी ने लहराया परचम

चैंपियनशिप के दौरान आयोजित 100 मीटर की जूनियर बालक और बालिका वर्ग की स्पर्धाएं मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कक्षा 8-सी के छात्र सौरभ ने 12.56 सेकंड का समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया। इसी स्पर्धा में कक्षा 8 के वंश 13.12 सेकंड के साथ द्वितीय और कक्षा 8 के अभय 13.95 सेकंड का समय लेकर तृतीय स्थान पर रहे।

बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कक्षा 7-के की छात्रा वाणी ने 14.18 सेकंड में दूरी तय कर स्वर्ण पदक जीता। कक्षा 8 की हर्षिता काकरान ने 14.83 सेकंड में दौड़ पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा 6 की अनन्या पांडे 15.36 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। धावकों के शानदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में रोमांच भर दिया।

बाल वाटिका के नन्हे खिलाड़ियों ने भी दिखाया हुनर

प्राथमिक और बाल वाटिका विंग के विद्यार्थियों के लिए मनोरंजक खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। बाल वाटिका-1 के लिए आयोजित कैटरपिलर-बटरफ्लाई दौड़ में सुंदरजी हाउस के अमायरा एवं अथर्व सोलंकी की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, करियप्पा हाउस के दीक्षिता सिन्हा एवं अयांश कुमार की जोड़ी द्वितीय स्थान पर रही।

इसके अलावा वॉबल एंड वॉक दौड़ की बालिका वर्ग स्पर्धा में करियप्पा हाउस ने प्रथम तथा वैद्य हाउस ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसी स्पर्धा के बालक वर्ग में भी करियप्पा हाउस ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सुंदरजी हाउस द्वितीय स्थान पर रहा। बच्चों की संतुलन क्षमता और टीम वर्क ने सभी का मन मोह लिया।

सहायक कर्मचारियों के लिए प्रतियोगिताएं और मटका दौड़

समारोह की एक विशेष बात यह रही कि विद्यालय के सहायक कर्मचारियों को भी खेल प्रतियोगिताओं में शामिल किया गया। पुरुषों की प्रतियोगिता में सोनू कुमार ने प्रथम और राजेश कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं महिलाओं के लिए आयोजित पारंपरिक मटका दौड़ में श्रीमती इंद्रेश प्रथम तथा श्रीमती रेनू द्वितीय स्थान पर रहीं। इस आयोजन ने परिसर में सहभागिता और आपसी भाईचारे के माहौल को सुदृढ़ किया।

अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाज वसुंधरा तेवतिया ने दिया प्रेरणादायी संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि पैरा तीरंदाज सुश्री वसुंधरा तेवतिया ने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर अभ्यास और लक्ष्य केंद्रित रहने की सलाह दी। W1 श्रेणी की अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाज वसुंधरा तेवतिया ने राष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक तथा अहमदाबाद में आयोजित वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज़ स्टेज-III के महिला युगल में कांस्य पदक जीता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास नहीं खोना चाहिए और खेल ही अनुशासन तथा धैर्य सीखने का सबसे सशक्त माध्यम है।

प्रधानाचार्या ने व्यक्त किया आभार

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. (श्रीमती) रीटा गुप्ता ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का स्वागत कर उनके बहुमूल्य समय के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए खेल प्रशिक्षक अमित चौधरी, नरेंद्र कुमार, कुमारी चित्रा, आयोजन समिति और समस्त शिक्षक वृंद के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को निष्पक्ष खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें