उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक बेहद गंभीर और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के सुहैल गार्डन स्थित असगरी मस्जिद के ठीक सामने कथित रूप से चल रहे सेक्स रैकेट (Sex Racket) का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। देह व्यापार का विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर एक महिला और उसकी वकील बेटी के साथ जमकर मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर पीड़िता ने बुधवार को असगरी मस्जिद के इमाम और अन्य मोहल्ले वालों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
घर में घुसकर की गई मारपीट और गाली-गलौज
पीड़िता शाहजहां ने अपनी पुलिस शिकायत में बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाली फिरदौस (पत्नी मुईनुद्दीन उर्फ मुन्ना), उसका बेटा शावेज और उनके साथ रहने वाला शादाब कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चलाते हैं। शाहजहां और उसके परिवार ने कई बार इस अवैध गतिविधि का विरोध किया, जिसके चलते आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे।
जंतर–मंतर गेम खेलें। पुलिस बनकर कॉकरोचों को पहचानो या आंदोलनकारी बनकर पहुंचो जंतर मंतर। खेलें ▶शिकायत के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे फिरदौस, शादाब, इस्लाम, शोएब और शावेज जबरन शाहजहां के घर में घुस आए। आरोपियों ने शाहजहां और उसकी बेटी के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। जब शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।
डायल-112 पर दी सूचना, पुलिस के आने से पहले फरार हुए आरोपी
घटना के तुरंत बाद शाहजहां ने समर गार्डन चौकी पुलिस और डायल-112 पर कॉल कर मदद मांगी। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी अपने मकान पर ताला लगाकर फरार हो गए। पीड़िता ने यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी फिरदौस अक्सर पुलिस को पैसे देने की बात कहकर धौंस जमाती है और कहती है कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›पहले भी पुलिस से की गई थी शिकायत
यह पहला मौका नहीं है जब इन आरोपियों के खिलाफ आवाज उठाई गई हो। पीड़िता शाहजहां ने बताया कि 23 मार्च 2026 को भी पुलिस को इस अवैध गतिविधि के संबंध में लिखित शिकायत दी गई थी। पुलिस की उस कार्रवाई के बाद कुछ समय तक यह धंधा बंद रहा, लेकिन हाल ही में इसे दोबारा शुरू कर दिया गया। दोबारा गतिविधियां शुरू होने पर जब पीड़िता ने विरोध किया, तो उसे मकान और मस्जिद छोड़कर चले जाने के लिए धमकाया जाने लगा।
🏪 आपके शहर के ऑफर
इमाम बोले- नमाजियों और परिवारों को होती है भारी परेशानी
एसएसपी कार्यालय पहुंचे असगरी मस्जिद के इमाम मोहम्मद हाशिम ने भी इस कथित सेक्स रैकेट पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने एसएसपी को बताया कि शाम करीब 5 बजे से इन लोगों की संदिग्ध गतिविधियां शुरू हो जाती हैं, जो देर रात तक चलती रहती हैं।
इमाम ने कहा, "पहले शिकायत के बाद कुछ दिनों तक यह सिलसिला रुका था, लेकिन अब यह दोबारा शुरू हो गया है। इस अवैध गतिविधि से मस्जिद में आने वाले नमाजियों और आसपास रहने वाले शरीफ परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जो भी मोहल्ले वाला इसका विरोध करता है, उसे धमकाया जाता है।"
झूठे दुष्कर्म केस में फंसाने की मिल रही धमकी
पीड़िता शाहजहां की बेटी खुशी, जो पेशे से एक अधिवक्ता (Lawyer) हैं, ने आरोप लगाया है कि आरोपियों द्वारा उनके परिवार को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने और हत्या कराने की लगातार धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित परिवार और मोहल्ले के लोगों ने एसएसपी से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और इस कथित देह व्यापार के नेटवर्क की गहनता से जांच की जाए।
फिलहाल, एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने संबंधित थाना पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
Sabse pehle comment karne wale banein.