आज 1 नवंबर 2026 से देश में आम आदमी की जेब, वित्तीय निवेश, सड़क यात्रा और दूरसंचार से जुड़े 5 बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। इनका सीधा असर आपकी रोजमर्रा की जिंदगी और बजट पर पड़ेगा। एक तरफ कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से महंगाई का हल्का झटका लगा है, वहीं दूरसंचार विभाग (DoT) के नए नियम से मोबाइल यूजर्स को स्पैम कॉल से बड़ी राहत मिली है। इसके अलावा फास्टैग, म्यूचुअल फंड और छोटे कारोबारियों के लिए ई-कॉमर्स व जीएसटी से जुड़े नियमों में भी महत्वपूर्ण ढील दी गई है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि नवंबर 2026 से कौन से 5 बड़े नियम बदल गए हैं और इनसे आपको क्या फायदा या नुकसान होगा।

1. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 17 रुपए तक महंगा त्योहारी सीजन के बीच तेल विपणन कंपनियों ने बड़ा झटका दिया है। आज से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 17 रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। कॉमर्शियल गैस महंगी होने का सीधा असर रेस्टोरेंट, होटल, ढाबा मालिकों और कैटरिंग के व्यापार पर पड़ेगा। इस बढ़ोतरी के कारण बाहर का खाना, चाय, नाश्ता और शादियों के सीजन में कैटरिंग का खर्च मामूली रूप से बढ़ सकता है।

जंतर–मंतर गेम खेलें। पुलिस बनकर कॉकरोचों को पहचानो या आंदोलनकारी बनकर पहुंचो जंतर मंतर। खेलें ▶

2. फोन पर अनजान कॉलर का दिखेगा असली नाम आज से आपके स्मार्टफोन पर जब भी किसी अनजान नंबर से कॉल आएगा, तो स्क्रीन पर सिर्फ नंबर ही नहीं बल्कि फोन करने वाले व्यक्ति का असली नाम भी दिखाई देगा। यह नाम वही होगा जो उसने सिम खरीदते समय अपनी सरकारी आईडी (जैसे आधार कार्ड) में दर्ज कराया था। दूरसंचार विभाग ने सभी टेलीकॉम कंपनियों के लिए इस नियम को अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए आपको किसी थर्ड-पार्टी एप को डाउनलोड करने की कोई आवश्यकता नहीं है। इससे फर्जी कॉल, बैंक फ्रॉड और स्पैम से बचने में आम जनता को आसानी होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

3. टोल के 20km दायरे में रहने वालों के लिए FASTag लोकल पास सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निजी वाहन मालिकों को बड़ी राहत दी है। आज से लागू नए नियम के तहत स्थानीय निवासियों को हर बार टोल टैक्स चुकाने की झंझट से मुक्ति मिलेगी। अब वाहन मालिक 1,500 रुपए या 3,000 रुपए की निर्धारित सालाना फीस चुकाकर पूरे 1 साल का लोकल फास्टैग (FASTag) पास बनवा सकते हैं। इस कदम से उन लोगों का हर महीने होने वाला बड़ा खर्च बचेगा जिन्हें रोजाना अपने घर के पास वाले टोल प्लाजा को पार करना पड़ता है।

4. म्यूचुअल फंड एप्स पर 'डायरेक्ट प्लान' होगा डिफॉल्ट निवेशकों के हितों की रक्षा के लिए 1 नवंबर से म्यूचुअल फंड निवेश के नियमों में बड़ा बदलाव हुआ है। अब म्यूचुअल फंड कंपनियों या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निवेश करते समय 'डायरेक्ट प्लान' (Direct Plan) अपने-आप चुना हुआ यानी डिफॉल्ट विकल्प मिलेगा। अगर कोई निवेशक डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए 'रेगुलर प्लान' चुनता है, तो उसे स्क्रीन पर चेतावनी दिखाई जाएगी कि रेगुलर प्लान में कितना अतिरिक्त खर्च (0.66% से 1.7% तक) लगेगा। डायरेक्ट प्लान में कोई कमीशन नहीं होता है, जिससे 20 साल की लंबी एसआईपी (SIP) में निवेशकों को 22 लाख रुपए तक का अतिरिक्त फायदा मिल सकता है।

5. छोटे ई-कॉमर्स विक्रेताओं के लिए दूसरे राज्यों में व्यापार हुआ आसान छोटे कारोबारियों के लिए 1 नवंबर से बेहद शानदार नियम लागू हो गया है। अब छोटे ई-कॉमर्स विक्रेता दूसरे राज्यों में फिजिकल ऑफिस खोले बिना भी देशभर में अपना सामान आसानी से बेच सकेंगे। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने जीएसटी नियमों में बड़ी ढील दी है। अब विक्रेता जिस ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म (अमेजन, फ्लिपकार्ट) पर अपना सामान बेचते हैं, उसी प्लेटफॉर्म के गोदाम के पते को दूसरे राज्यों में अपना आधिकारिक जीएसटी रजिस्ट्रेशन एड्रेस बता सकेंगे। इससे देश के लगभग 9.5 लाख छोटे कारोबारियों का खर्च बचेगा और वे पूरे भारत के बाजार तक पहुंच बना सकेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें