बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में किसानों के ट्यूबवेल और सुनसान दुकानों को निशाना बनाने वाले अपराधियों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। (Bijnor Police Action) शिवाला कलां थाना पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से चोरी के सामान को बेचकर हासिल की गई हजारों रुपये की नकदी और कॉपर का तार बरामद हुआ है।

​किसानों के ट्यूबवेल को बनाया था निशाना

शिवाला कलां थाना क्षेत्र के ग्राम सराय में 2 और 3 अक्टूबर 2026 की मध्य रात्रि को बड़ी चोरी की घटना सामने आई थी। गांव के गौरव कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अज्ञात बदमाशों ने खेतों में लगे करीब 7-8 ट्यूबवेल से स्टार्टर और कॉपर की केबिल चोरी कर ली है। पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

​इससे पहले 21 अगस्त 2026 को अजुपुरा गांव के सामने फीना-चांदपुर रोड पर स्थित एक परचून की दुकान से भी अज्ञात चोरों ने दो बैटरे, एक इन्वर्टर और कुछ कपड़े चोरी कर लिए थे। इस मामले में दिग्विजय सिंह की तहरीर पर केस दर्ज किया गया था।

​पुलिस जांच में पकड़े गए दो आरोपी

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद सक्रिय हुई शिवाला कलां पुलिस ने मुखबिरों की सूचना और सुरागों के आधार पर रविवार (4 अक्टूबर) को दो आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव चेहली निवासी अमर सिंह के रूप में हुई है। वहीं, दूसरा आरोपी नूरपुर थाना क्षेत्र के पीपला जागीर का रहने वाला सलीम है, जो पेशे से कबाड़ी है।

​तार जलाकर निकालते थे तांबा

पुलिस की पूछताछ में आरोपी अमर सिंह ने अपने काले कारनामों का पूरा कच्चा चिट्ठा खोल दिया। उसने बताया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर गांवों के बाहरी इलाकों में बने मकानों, सुनसान दुकानों और खेतों के ट्यूबवेल को निशाना बनाता था। वहां से बिजली का सामान, स्टार्टर, इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर लेते थे।

​चोरी किए गए स्टार्टर और केबिल को जलाकर वे उसमें से तांबा (Copper) निकाल लेते थे। इसके बाद इस तांबे और अन्य चोरी के सामान को चलते-फिरते कबाड़ियों को सस्ते दामों में बेच दिया जाता था। हाल ही में सराय गांव से चोरी किया गया तांबा उसने कबाड़ी सलीम को 5,000 रुपये में बेचा था।

​कुल 19 हजार की नकदी और माल बरामद

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के बिजली के तार, केबिल के टुकड़े और कॉपर बरामद किया है। इसके साथ ही अमर सिंह के पास से दुकान से चोरी किए गए इन्वर्टर-बैटरी को बेचने से मिले 14,000 रुपये और कॉपर बेचने से मिले 5,000 रुपये (कुल 19 हजार नकद) भी बरामद किए गए हैं। शिवाला कलां थानाध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक उपेन्द्र मलिक और उनकी टीम ने यह सफलता हासिल की है। पुलिस अब फरार चल रहे अमर सिंह के दूसरे साथी की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें