भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने फूड सेफ्टी नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्त कार्रवाई (FSSAI Action on Everest Cumin Powder) की है। एफएसएसएआई ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर के एक बैच को बाजार से तुरंत वापस मंगाने का आदेश दिया है। इसके साथ ही, जांच के दौरान गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां पाए जाने पर क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिया गया है।

​एवरेस्ट जीरा पाउडर का सैंपल अनसेफ घोषित

एफएसएसएआई की जांच में एवरेस्ट जीरा पाउडर का सैंपल फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड्स पर खरा नहीं उतरा, जिसके बाद इसे अनसेफ यानी खाने के लिए सुरक्षित नहीं माना गया। लैब रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि होने के बाद, एफएसएसएआई ने कंपनी को इस प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की संबंधित पूरी बैच को तुरंत मार्केट से वापस लेने का निर्देश दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

​किस बैच को हटाने का मिला आदेश?

बाजार से जिस बैच को वापस लेने का आदेश दिया गया है, उसका नंबर E080668761 है। एफएसएसएआई ने कंपनी को निर्देश दिया है कि वह मार्केट से वापस मंगाए जा रहे प्रोडक्ट का पूरा रिकॉर्ड रखे और निर्धारित समय के भीतर इससे जुड़ी सभी जानकारी और स्टेटस रिपोर्ट जमा करे। साथ ही, कंपनी को भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचने के लिए जरूरी सुधार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

​जीरा पाउडर में मिले तय लिमिट से ज्यादा पेस्टिसाइड

यह मामला तब सामने आया जब गोवा के रिवरसाइड रिसॉर्ट्स एंड हॉलिडे होम्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से एवरेस्ट जीरा पाउडर का एक सैंपल लिया गया था। फूड एनालिस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इस जीरा पाउडर में एजोक्सीस्ट्रोबिन (Azoxystrobin) और थायमेथोक्साम (Thiamethoxam) नामक पेस्टिसाइड (कीटनाशक) के अवशेष तय सीमा से अधिक पाए गए। इसके बाद, सैंपल को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत असुरक्षित (Unsafe) घोषित किया गया। कंपनी को अपील का मौका दिया गया और सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी में दोबारा जांच के लिए भेजा गया, लेकिन वहां भी कीटनाशकों की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई, जिसके बाद इसे अंतिम रूप से अनसेफ घोषित कर दिया गया।

​क्रिएटिव बेकर्स की बेकरी में मिली गंभीर खामियां

एफएसएसएआई ने केवल एवरेस्ट पर ही नहीं, बल्कि क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स पर भी कड़ा एक्शन लिया है। जांच के दौरान बेकरी में कई गंभीर हाइजीन और सफाई से जुड़ी खामियां पाई गईं। फूड प्रोडक्शन और हैंडलिंग एरिया में गंदगी, ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां मिलीं। जल्दी खराब होने वाले कच्चे सामान को खुले में रखा गया था, और कच्चे व आधे तैयार प्रोडक्ट रखने के लिए जंग लगे और ठीक से साफ न किए गए कंटेनरों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

​फूड एरिया में मिला कचरा और खराब सामान

जांच में यह भी पाया गया कि मक्खियों और चूहों को रोकने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। खिड़कियों पर जाली भी नहीं लगी थी। फूड हैंडलिंग एरिया में कचरा, पुराना स्टॉक, रिजेक्ट किया गया सामान और स्क्रैप भी मिला। कुछ मशीनों पर जंग लगी थी, दीवारों का पेंट उखड़ा हुआ था और सीलन की समस्या भी थी। इसके अलावा, फूड सेफ्टी से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड और सिस्टम भी ठीक से मेंटेन नहीं किए गए थे।

​इन तमाम गंभीर कमियों को देखते हुए, एफएसएसएआई ने क्रिएटिव बेकर्स का लाइसेंस तुरंत सस्पेंड कर दिया है और कंपनी को सस्पेंशन अवधि के दौरान सभी फूड बिजनेस एक्टिविटीज को रोकने का स्पष्ट निर्देश दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें