मेरठ में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 12 बजे जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता पूर्वी कचहरी स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचे। कांग्रेसियों ने ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच बहस हो गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाया जाए और उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए।

पूनम पंडित बुलेट से पहुंचीं, हेलमेट पर लिखा स्लोगन

प्रदर्शन में कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित बुलेट चलाकर पहुंचीं। उनके हेलमेट पर 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' स्लोगन लिखा था। पूनम पंडित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बुलेट से निकली थीं। रास्ते में टोल प्लाजा पर पुलिस ने उन्हें रोका। बाद में वह किसी तरह पूर्वी कचहरी स्थित प्रदर्शन स्थल तक पहुंचीं।

इस दौरान प्रदर्शन से पहले ही कांग्रेस के कई नेताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कचहरी पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए।

विज्ञापन
विज्ञापन
  1. अंबेडकर प्रतिमा के पास कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया।

राहुल-प्रियंका से कथित दुर्व्यवहार पर जताया विरोध

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा और पीसीसी सदस्य अनिरुद्ध त्यागी ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी और INDIA गठबंधन के सांसदों के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज के विरोध में भी नाराजगी जताई।

ठाकुर तेजवीर सिंह: विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय जवाब दे सरकार

ठाकुर तेजवीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार को विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना हर नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। विपक्षी नेताओं और सांसदों के साथ बल प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

पूनम पंडित ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और संविधान की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि जनता के वोट से सरकारें बनती हैं, इसलिए मताधिकार की रक्षा सबसे जरूरी है।

कांग्रेस की मांग: ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त किया जाए

कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग की। साथ ही उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की निष्पक्ष समीक्षा और जांच कराने की मांग रखी गई। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की भी मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित होने तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेसियों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें