बागपत के खेकड़ा कस्बे में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुबारिकपुर रोड स्थित दो मंजिला मकान की ग्राउंड फ्लोर पर बनी परचून की दुकान में अचानक आग लग गई। आग के दौरान दुकान में रखे दो गैस सिलेंडर फट गए। इसके बाद आग और धुआं तेजी से पूरे मकान में फैल गया। हादसे में स्वाति (37) और उनकी सात वर्षीय बेटी अनन्या की मौत हो गई। दोनों को बचाने की कोशिश में अंकुर जैन (40) गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर किया गया है।

सुबह दुकान खोलने के कुछ देर बाद लगी आग

खेकड़ा कस्बे में मुबारिकपुर रोड पर विनय जैन (65) का करीब 900 वर्ग फीट का मकान है। परिवार में विनय जैन, उनकी पत्नी पुष्पा (60), बेटा अंकुर, बहू स्वाति, पोता श्रेय (13) और पोती अनन्या रहते हैं। परिवार पहली मंजिल पर रहता था, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर परचून की दुकान और गोदाम बना हुआ था।

गुरुवार सुबह करीब सात बजे दुकान पर काम करने वाला जाहिद दुकान खोलकर सफाई करने लगा। इसी दौरान विनय जैन और उनकी पत्नी पुष्पा मंदिर के लिए चले गए, जबकि श्रेय स्कूल चला गया। करीब 7:45 बजे दुकान में अचानक आग लग गई।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग दुकान से शुरू हुई। कुछ ही देर बाद दुकान में रखे दो गैस सिलेंडर आग की चपेट में आ गए और दोनों में ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद दुकान का शटर उखड़कर बाहर आ गया और आग तेजी से मकान के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई।

पत्नी और बेटी को बचाने पहुंचे अंकुर

आग और धुआं तेजी से फैलने के कारण पहली मंजिल पर अंकुर, उनकी पत्नी स्वाति और बेटी अनन्या फंस गए। अंकुर किसी तरह नीचे पहुंचे तो उन्होंने देखा कि ग्राउंड फ्लोर पर दुकान आग की लपटों से घिरी हुई है और पूरे मकान में धुआं भर चुका है।

अंकुर तुरंत अपनी पत्नी और बेटी को बचाने के लिए ऊपर गए। उस समय तक स्वाति और अनन्या धुएं के कारण बेहोश हो चुकी थीं। अंकुर ने दुकान कर्मचारी जाहिद की मदद से दोनों को बाहर निकालने की कोशिश की।

इस दौरान अंकुर आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। जाहिद का हाथ भी मामूली रूप से झुलसा है। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।

पांच दमकल गाड़ियों ने करीब आधे घंटे में बुझाई आग

सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। चीफ फायर ऑफिसर अमरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक खेकड़ा से दो, बागपत से दो और बड़ौत से एक दमकल गाड़ी भेजी गई थी।

दमकलकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर मकान में प्रवेश किया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब 8:30 बजे दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब 9 से 9:15 बजे के बीच आग पर काबू पा लिया गया।

पुलिस ने अंकुर, स्वाति और अनन्या को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने स्वाति और अनन्या को मृत घोषित कर दिया। अंकुर की हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली रेफर किया गया है।

शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका

चीफ फायर ऑफिसर अमरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। दुकान में रखे दो सिलेंडरों में ब्लास्ट होने के बाद आग पूरे मकान में फैलने की बात भी सामने आई है।

हालांकि हादसे की पूरी वजह की जांच की जा रही है। घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आसपास की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और इलाके को सुरक्षित किया गया।

डीएम ने दिए जांच के आदेश

बागपत के डीएम दिव्यांशु कुमार ने घटनास्थल से जुड़े पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर इलाके की बिजली काटी गई है और राहत कार्य कराया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

सीएम योगी ने जताया दुख

हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रशासन और पुलिस की टीमें घटना के बाद मौके पर मौजूद रहीं।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें