पंजाब (Punjab) के जालंधर (Jalandhar) शहर में बीती रात रफ्तार के कहर ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक सड़क हादसे (Jalandhar Road Accident) में दो 18-19 साल के युवकों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा बर्थडे पार्टी से लौटने के बाद कारों के बीच लगाई जा रही 'रेस' के कारण हुआ। मृतकों में एक मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी 'स्पीड रिकॉर्ड' (Speed Records) के मालिक का बेटा है, जिसे मशहूर सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह (Honey Singh) ने अपना भतीजा बताया है।

थार और स्कोडा के साथ लगा रहे थे रेस

पारिवारिक सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों मृतक युवक रात में एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। पार्टी खत्म होने के बाद देर रात चंडीगढ़ से आए अपने कुछ दोस्तों के साथ उन्होंने एपीजे कॉलेज के पास से कार रेस (Car Racing) लगानी शुरू कर दी।

जंतर–मंतर गेम खेलें। पुलिस बनकर कॉकरोचों को पहचानो या आंदोलनकारी बनकर पहुंचो जंतर मंतर। खेलें ▶

इस रेस में तीन गाड़ियां शामिल थीं— एक वॉक्सवैगन (Volkswagen), एक महिंद्रा थार (Thar) और एक स्कोडा (Skoda)। थार और स्कोडा में चंडीगढ़ से आए युवक सवार थे, जबकि वॉक्सवैगन कार में कुल 5 युवक बैठे थे। तेज रफ्तार में रेस लगाते हुए वॉक्सवैगन कार अनियंत्रित हो गई और फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली (Tractor-Trolley) में पीछे से जा घुसी।

विज्ञापन
विज्ञापन

कूड़ा उठाने वाली ट्रॉली से हुई जोरदार भिड़ंत

थाना बारादरी के एसएचओ साहिल चौधरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि तड़के करीब 3 बजे पुलिस को इस हादसे की सूचना मिली। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो पता चला कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी रात के समय फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। उन्होंने कूड़ा डालने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली वहीं खड़ी की थी।

युवकों की तेज रफ्तार वॉक्सवैगन कार बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की तरफ मुड़ते ही सीधे इस ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और आगे बैठे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद बहस, फिर भाग गए दोस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के ट्रॉली में घुसने के बाद पीछे आ रही थार और स्कोडा गाड़ियों में सवार दोस्त वहां रुके। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर और निगम कर्मचारियों के साथ बहसबाजी (Argument) की। लेकिन जब स्थिति गंभीर दिखी और दो युवकों की मौत का पता चला, तो थार और स्कोडा में सवार सभी युवक अपने घायल दोस्तों को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए।

मृतकों की पहचान: हनी सिंह ने जताया दुख

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सेठ हुकुमचंद कॉलोनी (जालंधर) निवासी विदित ओलक (18) और आरव तलवाड़ (19) के रूप में हुई है।

  • विदित ओलक: मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी 'स्पीड रिकॉर्ड' के मालिक दिनेश ओलक का बेटा था और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग (Software Engineering) की पढ़ाई कर रहा था।

  • आरव तलवाड़: जालंधर के मशहूर 'पप्पी स्वीट्स' के मालिक का बेटा था।

इस दर्दनाक घटना पर मशहूर सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, "मेरे लिए यह बेहद दुखद दौर है। मैंने अपना भतीजा खो दिया है... भोलेनाथ मेहर, मेहर, मेहर।"

कार में सवार था AAP पार्षद का बेटा

एसएचओ ने जानकारी दी कि वॉक्सवैगन कार में जान गंवाने वाले 2 युवकों के अलावा 3 अन्य युवक भी सवार थे, जिनमें से एक सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद का बेटा बताया जा रहा है, जो सुरक्षित बच गया। हादसे के तुरंत बाद बाकी तीनों युवक पहले ही अपने घर जा चुके थे।

पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त वॉक्सवैगन गाड़ी सेठ हुकुमचंद कॉलोनी निवासी सन्नी काउंसी के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए हैं। परिवारों ने इस मामले में किसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें