उत्तर प्रदेश के बिजनौर (Bijnor) में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात में आए दूल्हे के चाचा की सरेआम निर्मम हत्या कर दी गई। शराब पीने को लेकर हुई मामूली टोका-टाकी ने इतना उग्र रूप ले लिया कि एक युवक ने दूल्हे के चाचा पर सूए (बर्फ तोड़ने वाले सुजे) से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस खौफनाक हमले में पीड़ित की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार हत्यारोपी की तलाश शुरू कर दी है।

हीरा बैंक्वेट हॉल में हुई खूनी वारदात यह सनसनीखेज वारदात बिजनौर के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र से जुड़ी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मख्वाड़ा गांव से एक बारात बिजनौर से सटे बकली स्थित 'हीरा बैंक्वेट हॉल' (Heera Banquet Hall) में आई थी। शादी के जश्न के बीच मैरिज हॉल में गांव के कुछ लोग शराब पी रहे थे। इसी दौरान बारात में शामिल दूल्हे के चाचा अश्वनी कुमार का शराब पीने का विरोध करने या टोका-टाकी करने पर उन लोगों से विवाद हो गया।

गुस्साए आरोपी ने सूए से किया ताबड़तोड़ हमला कहासुनी इतनी बढ़ गई कि रवि नामक एक युवक ने अपना आपा खो दिया और उसने अश्वनी कुमार पर नुकीले सूए से हमला कर दिया। आरोपी ने अश्वनी के शरीर पर सूए से कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। सरेआम हुई इस हत्या से शादी समारोह में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी रवि मौके से फरार हो गया।

परिजनों के गंभीर आरोप, फांसी की मांग इस घटना के बाद मृतक अश्वनी कुमार के परिजनों और रिश्तेदारों में भारी आक्रोश है। मृतक के रिश्तेदारों का आरोप है कि इस हत्याकांड को केवल एक व्यक्ति ने अंजाम नहीं दिया है, बल्कि 15 से 20 लोगों की भीड़ ने बारातियों के साथ मारपीट की और साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें फांसी की सजा दी जाए।

एसपी सिटी का बयान और पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी डॉ. के.जी. सिंह (SP City Dr. KG Singh) ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी रवि सहित अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें