मुजफ्फरनगर में सोमवार रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में कारोबारी आदेश गोयल, उनकी दो बहनें निशा और राखी तथा निशा की 14 वर्षीय बेटी श्रद्धा की जान चली गई। हादसे में आदेश की मां कुसुम देवी, पत्नी रूबी और राखी की सात वर्षीय बेटी वैष्णवी घायल हुई हैं।
हादसा पुरकाजी थाना क्षेत्र में पुरकाजी-लक्सर स्टेट हाईवे पर सोलानी नदी पुल के पास रात करीब 11 बजे हुआ। बताया गया कि परिवार हरिद्वार से मुजफ्फरनगर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ने उनकी स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद हाईवे से नीचे गिरी स्कॉर्पियो
डंपर की टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई और पलटती हुई हाईवे से करीब 20 फीट नीचे खेत में जा गिरी। डंपर भी हादसे के बाद पलट गया। बताया गया कि डंपर चालक मौके से कूदकर भाग गया।

हादसे के बाद आसपास चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। खेत में पानी भरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में पुलिस को परेशानी हुई। पुलिसकर्मी ग्रामीणों के साथ खाई में उतरे और करीब 30 से 35 मिनट तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›पुलिस ने स्कॉर्पियो का दरवाजा तोड़कर उसमें फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
मृतकों में हरीनगर निवासी कारोबारी आदेश गोयल (45), उनकी बहन निशा (36), छोटी बहन राखी (30) और निशा की 14 वर्षीय बेटी श्रद्धा शामिल हैं।
आदेश गोयल जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर हरीनगर मोहल्ले में रहते थे। वह स्क्रैप कारोबार के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे।
🏪 आपके शहर के ऑफर
घायल लोगों में आदेश की मां कुसुम देवी (65), पत्नी रूबी और राखी की सात वर्षीय बेटी वैष्णवी शामिल हैं। तीनों की हालत गंभीर बताई गई है।
मौसा के 75वें जन्मदिन में शामिल होकर लौट रहा था परिवार
परिवार के लोग सोमवार को स्कॉर्पियो से हरिद्वार गए थे। उनके साथ आदेश की पत्नी रूबी, मां कुसुम देवी, बहन निशा, उसकी बेटी श्रद्धा, छोटी बहन राखी और उसकी बेटी वैष्णवी थीं।
परिवार हरिद्वार में मौसा राधेश्याम के 75वें जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल हुआ था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी रात करीब 11 बजे मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान सोलानी नदी पुल के पास हादसा हो गया।
25 नवंबर को होनी थी बेटे की शादी
इस हादसे के बाद परिवार में शादी की तैयारियों के बीच मातम छा गया। आदेश गोयल के बेटे तुषार की शादी 25 नवंबर को तय है। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
आदेश का दूसरा बेटा रचित (22) बेंगलुरु में रहकर LLB की पढ़ाई कर रहा है।
मृतक निशा गृहिणी थीं। उनकी शादी सहारनपुर के बेहट अड्डा निवासी राहुल सिंघल से हुई थी। उनके पति एक फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। निशा के एक बेटा भी है।
Sabse pehle comment karne wale banein.