Shiva Sharma Murder Case में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, हर दिन चौंकाने वाले नए खुलासे हो रहे हैं। लखनऊ के इस चर्चित हत्याकांड में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में चार पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस जांच का दायरा अब केवल हत्या तक सीमित नहीं है, बल्कि हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग, बड़े नेताओं से संपर्क और नेपाल कनेक्शन जैसे गंभीर पहलुओं की भी गहराई से पड़ताल की जा रही है।
क्या श्रद्धा किसी ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप नेटवर्क से जुड़ी थी?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल मामले में सबसे बड़ी आशंका हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग नेटवर्क को लेकर जताई जा रही है। पुलिस इस एंगल की जांच कर रही है कि क्या श्रद्धा दुबे लोगों को जाल में फंसाकर पैसे वसूलने वाले किसी बड़े सिंडिकेट का हिस्सा थी या वह खुद ऐसे नेटवर्क को संचालित कर रही थी। आशंका है कि श्रद्धा ने अपने रसूखदार संपर्कों का इस्तेमाल कर कई लोगों पर दबाव बनाकर आर्थिक लाभ उठाया हो। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि ठोस साक्ष्यों के आधार पर ही की जाएगी।
VIP कनेक्शन और सोशल मीडिया पर हड़कंप
श्रद्धा दुबे की पहचान एक मेकअप आर्टिस्ट, मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में थी। हत्या के बाद से सोशल मीडिया पर भी हड़कंप मचा हुआ है। सूत्रों का दावा है कि इस हत्याकांड में श्रद्धा का नाम सामने आते ही सत्ता पक्ष, विपक्ष के कई बड़े नेताओं और एक वरिष्ठ नौकरशाह सहित कई रसूखदार (VIP) लोगों ने उसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से तुरंत अनफॉलो कर दिया है। आरोप है कि श्रद्धा इन्हीं वीआईपी संपर्कों की धौंस दिखाकर अपना काम निकलवाती थी।
रिजवान के बयान से खुला रूपईडीहा (नेपाल) कनेक्शन
इस मामले में एक नया और अहम मोड़ तब आया जब श्रद्धा के पुराने परिचित रिजवान से पुलिस ने पूछताछ की। रिजवान ने दावा किया कि हत्याकांड के बाद श्रद्धा ने उसे अस्पताल से फोन करके बुलाया था। इसके बाद वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि को लेकर नेपाल सीमा के पास 'रूपईडीहा' तक गया था। रिजवान के मुताबिक, रूपईडीहा पहुंचने के बाद श्रद्धा किसी अन्य व्यक्ति के साथ आगे निकल गई। इस बयान के बाद पुलिस नेपाल कनेक्शन की जांच कर रही है और जरूरत पड़ने पर एक टीम नेपाल भी भेजी जा सकती है।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›🏪 आपके शहर के ऑफर
6 महीने पहले हुई थी मुलाकात, शादी को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि कारोबारी परिवार के इकलौते बेटे शिवा शर्मा और श्रद्धा की मुलाकात करीब छह महीने पहले एक क्लब में हुई थी। पिछले चार महीनों से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। शिवा के परिजनों का आरोप है कि वह इस रिश्ते को लेकर गंभीर था, लेकिन जब शादी की बात आगे बढ़ी, तो श्रद्धा के व्यवहार में अचानक बदलाव आ गया और दोनों के बीच तनाव शुरू हो गया।
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का डर और दबाव
शिवा के परिवार का यह भी दावा है कि शिवा पहले एक फायरिंग मामले में जेल जा चुका था और दोबारा किसी कानूनी पचड़े में नहीं पड़ना चाहता था। परिजनों के मुताबिक, श्रद्धा इसी पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी का फायदा उठाकर शिवा को ब्लैकमेल करती थी और उस पर भारी दबाव बनाती थी। इसके अलावा, एक चेन और ब्रेसलेट को लेकर भी दोनों के बीच गहरा विवाद चल रहा था।
फिलहाल, पुलिस लखनऊ, सीतापुर और रायबरेली में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या की असली वजह, फरारी का पूरा प्लान और आर्थिक लेनदेन से जुड़े सभी अनसुलझे सवालों के स्पष्ट जवाब श्रद्धा दुबे और रश्मि दुबे की गिरफ्तारी के बाद ही मिल पाएंगे।
Sabse pehle comment karne wale banein.