गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में स्थित डी मॉल (D Mall) के वलाला कैफे में शुक्रवार देर रात भारी हंगामा देखने को मिला। हिंदू रक्षा दल के एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने कैफे के अंदर घुसकर एक वीडियो बनाया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कैफे के अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियों की मौजूदगी और अवैध रूप से हुक्का व शराब परोसे जाने का दावा किया गया है।
देर रात तक कैफे संचालन और पुलिस पर उठे सवाल वायरल वीडियो में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता सौरभ पंडित ने बताया कि रात के 2 बजकर 12 मिनट हो रहे हैं, जबकि कैफे का लाइसेंस केवल रात 12 बजे तक का ही है। आरोप है कि जब उन्होंने इस बात की सूचना पुलिस को दी, तो पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन जांच के लिए कैफे के अंदर नहीं गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की इस भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अवैध गतिविधियां बेरोकटोक जारी थीं।
कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता का आरोप वीडियो में भगवा टीशर्ट पहने सौरभ पंडित हाथ जोड़कर 'जय श्रीराम' बोलते हुए घटना की जानकारी दे रहे हैं। उनका दावा है कि कैफे में मुस्लिम युवकों के साथ हिंदू लड़कियां भी मौजूद हैं। सौरभ पंडित का कहना है कि जब वे वीडियो बना रहे थे, तब उनके साथ कैफे में अभद्रता भी की गई। वीडियो में वह युवतियों से कहते नजर आ रहे हैं कि "बहन आप अंदर चली जाओ," जिसे सुनकर वहां मौजूद युवतियां भी हैरान रह गईं।
एसीपी ने दिए जांच के आदेश इस पूरे विवाद और हंगामे के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस अलर्ट हो गई है। मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का है। इंदिरापुरम के एसीपी (ACP) सूर्यबली मौर्य ने घटना पर संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की गहनता से जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सच्चाई और तथ्यों की पुष्टि होने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›
Sabse pehle comment karne wale banein.