उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से दहेज उत्पीड़न और हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुरादनगर थाना क्षेत्र में लव मैरिज के महज 6 महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान आकृति सिंह के रूप में हुई है। महिला के परिजनों का गंभीर आरोप है कि दहेज में 30 लाख रुपये और स्कॉर्पियो कार की मांग पूरी न होने पर उसके पति और ससुराल वालों ने पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उसे मकान की दूसरी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया। चार दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला? मिली जानकारी के मुताबिक, नोएडा की एक फैक्ट्री में काम करने वाले मुरादनगर निवासी गौरव की शादी 20 फरवरी को भंगेल निवासी आकृति से तय हुई थी। मृतका के भाई प्रभात का आरोप है कि उस दौरान गौरव ने दहेज में 30 लाख रुपये और एक स्कॉर्पियो कार की मांग की थी। हैसियत न होने पर लड़की पक्ष ने मना कर दिया और शादी टूट गई थी। थाने में दोनों पक्षों का समझौता भी हुआ था, लेकिन दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रही। इसके दो महीने बाद ही गौरव और आकृति ने परिवार की मर्जी के खिलाफ मंदिर में जाकर लव मैरिज कर ली।

दहेज के लिए शुरू हुआ उत्पीड़न शादी के शुरुआती कुछ दिन ठीक रहने के बाद, गौरव ने फिर से आकृति पर मायके से स्कॉर्पियो लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब आकृति ने इसका विरोध किया, तो उसके साथ आए दिन मारपीट होने लगी। मृतका के भाई प्रभात ने बताया कि 7 सितंबर को आकृति ने उन्हें फोन कर रोते हुए बताया था कि ससुराल वाले उसे पीट रहे हैं। इसके कुछ ही देर बाद गौरव का फोन आया कि आकृति छत से गिर गई है। आनन-फानन में परिवार अस्पताल पहुंचा, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर थी। 4 दिन के इलाज के बाद 11 सितंबर की रात उसने दम तोड़ दिया।
वीडियो आया सामने, ससुराल वाले फरार इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी शनिवार दोपहर को सामने आया है, जिसमें महिला रात के वक्त अचानक छत से नीचे गिरती हुई दिखाई दे रही है। इसके बाद आसपास के लोग उसे उठाकर अस्पताल ले जाते हुए दिख रहे हैं। वहीं, आकृति की मौत की खबर मिलते ही उसका पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज और ननद सोनी व नेहा घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस ने भाई की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। गाजियाबाद के डीसीपी (देहात) सुरेंद्रनाथ तिवारी का कहना है कि पुलिस पूरे मामले और महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›
Sabse pehle comment karne wale banein.