उत्तर प्रदेश में त्योहारी सीजन के दौरान सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और स्कूली छात्रों को योगी सरकार ने बड़ी राहत दी है। प्रदेश में अब UP Public Holiday के तहत 18 अक्टूबर से लेकर 20 अक्टूबर 2026 तक लगातार तीन दिन सभी सरकारी कार्यालय, बैंक और स्कूल-कॉलेज पूरी तरह से बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शासन ने 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी के पावन अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। इस फैसले के बाद प्रदेश भर में त्योहारी उल्लास बढ़ गया है, क्योंकि अब लोगों को त्योहार मनाने के लिए लगातार लंबा वीकेंड मिलेगा।
लगातार तीन दिन की छुट्टी का कैसे बना संयोग प्रदेशवासियों को एक साथ तीन दिन की छुट्टी का लाभ मिल रहा है। इसकी शुरुआत 18 अक्टूबर से हो रही है। 18 अक्टूबर को रविवार होने के कारण पहले से ही प्रदेश भर में साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसके बाद शासन ने 19 अक्टूबर को महानवमी की नई छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं, 20 अक्टूबर को विजयदशमी (दशहरा) का सार्वजनिक अवकाश पहले से ही निर्धारित है। इस तरह रविवार से लेकर मंगलवार तक प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थान और दफ्तर पूरी तरह से बंद रहेंगे। सभी जगहों पर 21 अक्टूबर को सामान्य रूप से कामकाज दोबारा शुरू होगा।
नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत जारी हुआ आदेश महानवमी के इस विशेष अवकाश को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग ने आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी है। प्रमुख सचिव एसवीएस रंगा राव की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि यह छुट्टी ‘नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881’ (Negotiable Instruments Act, 1881) के अधीन घोषित की गई है। इस नियम के तहत अवकाश घोषित होने का सीधा असर वित्तीय संस्थानों पर भी पड़ता है। इसलिए, 19 अक्टूबर को सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ प्रदेश भर के सभी बैंक और वित्तीय संस्थान भी पूरी तरह से बंद रहेंगे।
पूर्व में जारी राजपत्रित अवकाश सूची में किया गया संशोधन इस नए शासनादेश के जरिए पिछले साल जारी किए गए राजपत्रित अवकाशों के कैलेंडर में अहम संशोधन किया गया है। शासन द्वारा 17 नवम्बर 2025 को वर्ष 2026 के लिए छुट्टियों की आधिकारिक सूची जारी की गई थी। उस मूल सूची में 20 अक्टूबर 2026 को ही महानवमी और विजयदशमी, दोनों का संयुक्त सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। लेकिन अब जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने निर्णय लिया है कि 19 अक्टूबर को महानवमी के लिए अलग से सार्वजनिक अवकाश रहेगा। प्रमुख सचिव ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि 17 नवम्बर 2025 के उस आदेश को इस नई घोषणा की सीमा तक संशोधित माना जाए, जबकि बाकी की छुट्टियां उसी तरह लागू रहेंगी। आदेश की प्रतियां राज्यपाल और मुख्यमंत्री कार्यालय सहित सभी संबंधित उच्चाधिकारियों को भेज दी गई हैं।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›🏪 आपके शहर के ऑफर
शिक्षक और कर्मचारी संगठनों की मांग पर लगी मुहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह फैसला अचानक नहीं आया है। दरअसल, 19 अक्टूबर को अवकाश घोषित करने के लिए कई कर्मचारी संगठनों ने सरकार से गुहार लगाई थी। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को आधिकारिक पत्र भेजा था। संगठनों ने अपने पत्र में तर्क दिया था कि 18 को रविवार और 20 को दशहरा है। बीच में केवल 19 अक्टूबर का एक दिन कार्यदिवस पड़ रहा है। ऐसे में अगर महानवमी का अवकाश दे दिया जाए, तो कर्मचारियों और शिक्षकों को अपने घर जाकर परिवार के साथ त्योहार मनाने में काफी सहूलियत होगी। मुख्यमंत्री ने जनभावना और कर्मचारियों की इस वाजिब मांग को स्वीकार करते हुए तुरंत अवकाश की मंजूरी दे दी।

त्योहारी सीजन में आम जनता को भी मिलेगी राहत शासन के इस महत्वपूर्ण फैसले से न केवल लाखों सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को फायदा होगा, बल्कि आम जनता और स्कूली बच्चों को भी बड़ी राहत मिलेगी। लगातार तीन दिन की छुट्टी होने से जो लोग अपने काम के सिलसिले में घर से दूर रहते हैं, वे भी आसानी से अपने पैतृक निवास पर जाकर दुर्गा पूजा और दशहरे के कार्यक्रमों में शामिल हो सकेंगे। बैंक लगातार बंद रहने के कारण आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी नकदी और जरूरी बैंकिंग लेनदेन समय रहते निपटा लें, ताकि त्योहार के दौरान उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Sabse pehle comment karne wale banein.