हरिद्वार स्थित देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT Roorkee के परिसर में एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां आयोजित 'थॉमसो' (Thomso) कल्चरल फेस्टिवल के दौरान बॉलीवुड सिंगर जावेद अली के लाइव शो में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ (Molestation) की घटना को अंजाम दिया गया। आरोप है कि जब नाबालिग और उसके भाई ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जावेद अली के शो में हुई बैड टच और धक्का-मुक्की जानकारी के अनुसार, पीड़ित भाई-बहन IIT रुड़की परिसर में आयोजित वार्षिक कल्चरल फेस्ट 'थॉमसो' में मशहूर सिंगर जावेद अली का कार्यक्रम देखने गए थे। आरोप है कि भीड़-भाड़ वाले शो के दौरान मुख्य आरोपी अजीम और उसके कुछ साथियों ने नाबालिग लड़की के साथ धक्का-मुक्की की और अश्लील हरकतें (बैड टच) करना शुरू कर दिया। जब लड़की ने डरकर अपने परिजनों और पुलिस को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसका मोबाइल छीनकर फेंक दिया। इसके बाद जब नाबालिग के भाई ने विरोध किया, तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। इस बीच, IIT के सुरक्षा गार्ड को अपनी ओर आता देख आरोपी मौके से खिसक गए।

गेट नंबर 8 के पास रोका रास्ता, भाई को बुरी तरह पीटा घटना का खौफ यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि रात करीब 11 बजे जब शो खत्म होने के बाद पीड़ित भाई-बहन परिसर से बाहर निकले, तो गेट नंबर 8 (होटल पोलारिस के नजदीक) पर आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने नाबालिग के भाई को बुरी तरह पीटा। जब बहन अपने भाई को बचाने आगे आई, तो आरोपियों ने उसका हाथ पकड़कर खींचा और दोबारा अश्लील हरकतें कीं। दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने पिस्टल भी निकाल ली। हालांकि, भाई-बहन के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिन्हें देखकर आरोपी भागने लगे।
भीड़ ने दो आरोपियों को पकड़ा, पुलिस जांच शुरू भागने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को मौके पर जुटी भीड़ ने दबोच लिया और उन्हें स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। हमले में बुरी तरह घायल हुए भाई को इलाज के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार की ओर से रुड़की की सिविल लाइंस कोतवाली में आरोपी अजीम, सैफी राणा, रज्जी और अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›🏪 आपके शहर के ऑफर
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर हैं जावेद अली गौरतलब है कि जिस शो में यह घटना हुई, वह बॉलीवुड के जाने-माने गायक जावेद अली का था। 5 जुलाई 1982 को दिल्ली में जन्मे जावेद अली 'जश्न-ए-बहारां' (जोधा अकबर), 'अर्जियां' (दिल्ली-6), और 'कुन फाया कुन' (रॉकस्टार) जैसे सुपरहिट गानों के लिए जाने जाते हैं।
Sabse pehle comment karne wale banein.