मुंबई। बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें जीवन कौशल (Life Skills) से जोड़ने की जरूरत पर जोर देते हुए बॉलीवुड अभिनेता शरमन जोशी (Sharman Joshi) ने एक नई शिक्षा मुहिम का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल (LFCS) की 'पैन इंडिया बजट स्कूल फ्रैंचाइज़ी' पहल को अपना मजबूत समर्थन दिया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य देशभर के बच्चों तक कम फीस पर गुणवत्तापूर्ण और बाल-केंद्रित शिक्षा पहुंचाना है।

​"सिर्फ कहने से नहीं, कर के दिखाना होगा"

मुंबई में आयोजित इस विशेष लॉन्च कार्यक्रम में शरमन जोशी एक वीडियो संदेश के जरिए शामिल हुए। अपने संदेश में उन्होंने शिक्षा के वास्तविक मायने और स्कूलों की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला। शरमन ने कहा, “बच्चों को जीवन कौशल से परिपूर्ण बनाना सिर्फ माता-पिता की ही नहीं, बल्कि स्कूलों की भी अहम ज़िम्मेदारी बनती है। इसे सिर्फ कहने से नहीं, बल्कि कर के दिखाना होगा!!”

​आनंद कुमार ने भी की मुहिम की सराहना

इस खास कार्यक्रम में 'सुपर 30' (Super 30) के संस्थापक और देश के जाने-माने शिक्षाविद् व गणितज्ञ आनंद कुमार (Anand Kumar) भी उपस्थित रहे। उन्होंने LFCS के निदेशक मुरलीधर यादव के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल की जमकर तारीफ की। आनंद कुमार ने कहा, “मुरलीधर जी की यह मुहिम मुझे बहुत अच्छी लगी—यह असल में मिशन एजुकेशन और मिशन इंडिया है।”

​आनंद कुमार ने वर्तमान शिक्षा प्रणाली में बदलाव की वकालत करते हुए कहा कि आज ऐसी शिक्षा की सख्त जरूरत है जिसमें बच्चा केवल चीजों को रटे नहीं, बल्कि कुछ नया आविष्कार (Invent) करना सीखे। इसके साथ ही उन्होंने इस मुहिम के तहत आने वाले जरूरतमंद और प्रतिभाशाली बच्चों को अपना नि:शुल्क मार्गदर्शन देने की भी घोषणा की।

विज्ञापन
विज्ञापन

​हर बच्चे में होती है अलग प्रतिभा: मुरलीधर यादव

LFCS के निदेशक मुरलीधर यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हर बच्चे के भीतर एक अलग प्रतिभा छिपी होती है, जरूरत है तो बस उसे पहचान कर उचित मार्गदर्शन देने की। उन्होंने आनंद कुमार की मौजूदगी को इस शिक्षा मिशन के लिए बेहद खास और प्रेरणादायक बताया। यह बजट स्कूल पहल भारत के दूरदराज इलाकों तक बेहतरीन शिक्षा का उजियारा फैलाने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जिससे शिक्षा के व्यवसायीकरण पर रोक लग सके।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें