मेरठ (Meerut): उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से दहेज लोभियों को आईना दिखाने और करारा सबक सिखाने वाला एक बेहद अनोखा और चर्चास्पद मामला सामने आया है। शादी में दहेज के तौर पर कार की मांग पर अड़े लड़के पक्ष को लड़की के पिता ने ऐसा जवाब दिया कि अब पूरे इलाके और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा हो रही है।

मामला मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के सौलाना (सिलोना) गांव का है। शनिवार को जब लड़का पक्ष शादी की तारीख तय करने (लालखत की रस्म) के लिए लड़की वालों के घर पहुंचा, तो लड़की के पिता ने उन्हें सुबह से रात 10 बजे तक कार के इंतजार में बैठाए रखा और अंत में हाथ में एक प्लास्टिक की खिलौना 'थार' (Toy Thar) थमाकर रिश्ता तोड़ दिया। इस पूरी घटना का डेढ़ मिनट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जंतर–मंतर गेम खेलें। पुलिस बनकर कॉकरोचों को पहचानो या आंदोलनकारी बनकर पहुंचो जंतर मंतर। खेलें ▶

पहले जानिए वायरल वीडियो में क्या है?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लड़की के पिता, लड़के के पिता के हाथ में एक छोटी खिलौना थार पकड़ाते हैं और खरी-खरी सुनाते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

वीडियो में लड़की के पिता कहते हैं:

"ये लो, इसे हाथ में थामो। तुम्हें इंसान की जरूरत नहीं थी, तुम्हें कार की जरूरत थी। हमने तुम्हें थार दी है, इसे चलाना। अपने मजे में रहियो तुम अपने घर, हम अपने घर।"

इसके बाद वे कैमरे के सामने समाज और रिश्तेदारों को संबोधित करते हुए कहते हैं, "ये रिश्तेदार हैं ज्ञानपुर, जिला मेरठ के। इनसे बड़ा मंगता कोई नहीं हो सकता। ये सुबह के आए हुए हैं, अब रात के 10 बजे हैं। इन्होंने दहेज में जो कार मांगी थी, वो हमने थार दे दी है। शादी कैंसिल हो गई है। आज इनकी सगाई वापस हो गई है।"

40 लाख की जमीन बिकने की भनक लगते ही बढ़ गया था लालच

जानकारी के मुताबिक, मेरठ के ज्ञानपुर निवासी शमशेर के दो बेटों—महताब और फैज का रिश्ता करीब 5 महीने पहले परतापुर क्षेत्र के सौलाना गांव निवासी बब्बर की दो बेटियों—रुकिया और मुस्कान के साथ तय हुआ था। सगाई के समय लड़की पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज के सामान के साथ 71 हजार रुपये नकद भी दिए थे। शमशेर के दोनों बेटे खेती-किसानी करते हैं।

बताया जा रहा है कि बब्बर ने अपनी दोनों बेटियों की शादी धूमधाम से करने के लिए महज 10 दिन पहले ही सौलाना गांव में अपनी 3 बीघा पैतृक जमीन 40 लाख रुपये में बेची थी। जैसे ही इस मोटी रकम की जानकारी लड़के के पिता शमशेर को लगी, उसका लालच बढ़ गया। उसने बब्बर से दहेज में मारुति की फ्रॉन्क्स (Maruti Fronx) कार की मांग रख दी। बब्बर ने शमशेर को काफी समझाने की कोशिश की कि वह जमीन के पैसे से दोनों बेटियों की शादी और अन्य इंतजाम करेंगे, लेकिन शमशेर अपनी जिद पर अड़ा रहा।

बेटियों के बाबा जाकिर खिलौना थार को हाथ में लिए हुए हैं।

'लालखत' की रस्म के बहाने बुलाया और सुबह से रात तक कराया इंतजार

जब शमशेर बिना कार के शादी करने को तैयार नहीं हुआ, तो बब्बर ने उसे सबक सिखाने की ठानी। शनिवार को बब्बर ने शमशेर और उनके परिजनों को शादी की तारीख पक्की करने वाली 'लालखत' की रस्म के लिए अपने घर बुलाया।

(क्या होती है लालखत की रस्म?): मुस्लिम समुदाय में शादी से पहले लालखत देने की परंपरा होती है। इसमें दुल्हन पक्ष के लोग दूल्हा पक्ष को अपने घर आमंत्रित करते हैं, जहां लाल रंग के कार्ड पर शादी की तारीख, दिन, समय और दोनों परिवारों के नाम लिखकर बारात लाने का औपचारिक निमंत्रण दिया जाता है। इस दौरान दूल्हा पक्ष की खूब खातिरदारी की जाती है और उपहार दिए जाते हैं।

इसी रस्म के लिए शनिवार सुबह ज्ञानपुर से शमशेर और उनके परिवार वाले सौलाना गांव पहुंचे थे। बब्बर ने पूरे दिन उनकी आवभगत की, लेकिन गाड़ी देने के नाम पर उन्हें सुबह से रात 10 बजे तक इंतजार करवाया। रात 10 बजे पूरे परिवार और गांव के लोगों के सामने बब्बर ने प्लास्टिक की खिलौना थार शमशेर के हाथ में थमा दी और दोनों बेटियों का रिश्ता तोड़ने का ऐलान कर दिया।

खिलौना फेंककर भागा लड़के का पिता, दादा ने कसा तंज

रिश्ता टूटने के बाद मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और कहासुनी भी हुई। बेइज्जती महसूस होने पर शमशेर गुस्से में खिलौना थार वहीं फेंककर अपने परिजनों के साथ वापस ज्ञानपुर लौट गया।

इस मामले पर लड़की के दादा (बब्बर के पिता) जाकिर ने चुटकी लेते हुए कहा, "हमने समधी मिलाई में उनसे पूछा था कि क्या चाहिए। वे फ्रॉन्क्स कार मांग रहे थे, लेकिन हमने उन्हें थार दे दी। हमने साफ कह दिया कि यह थार लो और अपने घर जाओ, हम अपनी लड़कियों का रिश्ता नहीं देंगे। हमने गाड़ी देने में कोई कमी नहीं छोड़ी है, अब उनका पूरा परिवार आराम से इस गाड़ी में बैठकर घूम सकता है। जब वे इसे चलाएंगे, तो बाद में गाड़ी का एवरेज भी पूछेंगे।"

सोशल मीडिया पर लोग लड़की के पिता बब्बर और उनके परिवार के इस साहसिक फैसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें