देश के कई हिस्सों से भले ही मॉनसून (Monsoon) की विदाई हो चुकी हो, लेकिन बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर पश्चिम भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। (Aaj Ka Mausam) मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत देश के 18 राज्यों में अगले पांच दिनों तक आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।

​पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और तूफान की चेतावनी

पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर पहाड़ी इलाकों पर देखने को मिलेगा:

  • ​जम्मू-कश्मीर और लद्दाख: 6 से 9 अक्टूबर तक लद्दाख, मुजफ्फराबाद और जम्मू-कश्मीर के रामबन, बारामूला, शोपियां, कुलगाम, बांदीपोरा, कुपवाड़ा तथा अनंतनाग में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी शुरू हो गई है।

  • ​हिमाचल और उत्तराखंड: 6 से 11 अक्टूबर के बीच हिमाचल प्रदेश (मनाली, कुल्लू, शिमला, चंबा, मंडी) और उत्तराखंड (पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, हल्द्वानी, पौड़ी) में बारिश और तूफान की चेतावनी है। चारधाम यात्रा (केदारनाथ, बद्रीनाथ) पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी विशेष अलर्ट रहने को कहा गया है।

​दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा का हाल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 6 से 11 अक्टूबर तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा।

  • ​उत्तर प्रदेश: पश्चिमी यूपी में 6 से 11 अक्टूबर और पूर्वी यूपी में 6 से 10 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान है। पूर्वांचल में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है। अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद और गोरखपुर जैसे शहरों में झमाझम बारिश हो सकती है।

  • ​राजस्थान: पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में 11 अक्टूबर को हल्की बारिश के आसार हैं।

​मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में बारिश

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छ्त्तीसगढ़ में 6 से 10 अक्टूबर तक हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 10 और 11 अक्टूबर को तेज बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 6-7 अक्टूबर को, जबकि कोंकण और गोवा में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

​बिहार, बंगाल और दक्षिण-पूर्वोत्तर राज्यों का मौसम

  • ​पूर्वी भारत: बंगाल, सिक्किम और गंगा के मैदानी इलाकों में 6 अक्टूबर तथा 10-11 अक्टूबर को बारिश होगी। बिहार में 6-9 अक्टूबर और ओडिशा में 6-11 अक्टूबर तक आंधी-तूफान के साथ बारिश और बिजली कड़कने का अनुमान है। झारखंड में भी ऐसा ही मौसम रहेगा।

  • ​दक्षिण भारत: लौटता हुआ मॉनसून केरल और तमिलनाडु को भिगोने वाला है। कर्नाटक में आज कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी बारिश होगी।

  • ​पूर्वोत्तर भारत: असम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ के चलते 10 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें