सऊदी अरब में हवाई अड्डों को निशाना बनाए जाने के बाद विमान सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा है। रियाद, जेद्दा और दम्माम के प्रमुख हवाई अड्डों पर बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुई हैं। उड़ान ट्रैकिंग आंकड़ों के अनुसार, 12 अक्टूबर तक तीनों हवाई अड्डों पर रद्द उड़ानों की संख्या करीब 1,500 तक पहुंच गई।

Gulf Business की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार सुबह तक रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 436 उड़ानें रद्द दर्ज की गईं। जेद्दा के किंग अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 115 और दम्माम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 63 उड़ानें रद्द थीं। रविवार को भी रियाद में बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द की गई थीं।

रियाद एयरपोर्ट पर हमले के बाद बढ़ी परेशानी

10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में सऊदी अधिकारियों के अनुसार 12 लोगों की मौत हुई और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। बाद की रिपोर्टों में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 बताई गई। हमले के बाद हवाई अड्डे पर परिचालन रोक दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू हुई। 

विज्ञापन
विज्ञापन

इसके बाद 11 अक्टूबर को भी रियाद एयरपोर्ट पर एक और हमला हुआ। सऊदी अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई और 11 लोग घायल हुए। लगातार हमलों के कारण हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित रहा और उड़ानों पर प्रतिबंध बढ़ाया गया।

उमराह यात्रियों की यात्रा पर असर

उड़ानें रद्द होने से आम यात्रियों के साथ उमराह के लिए सऊदी अरब जाने या वहां से लौटने वाले यात्रियों की यात्रा भी प्रभावित हो सकती है। कई यात्रियों को अपनी उड़ानों की नई तारीख, वैकल्पिक मार्ग और टिकट में बदलाव की जानकारी के लिए एयरलाइंस से संपर्क करना पड़ रहा है।

हालांकि, प्रभावित यात्रियों की कुल संख्या का कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। इसलिए कितने तीर्थयात्री फंसे हैं, इसकी सटीक संख्या बताना फिलहाल संभव नहीं है।

एयरलाइंस ने बदला उड़ानों का शेड्यूल

रियाद एयरपोर्ट बंद रहने और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें रद्द की हैं। कुछ सेवाओं के निलंबन को 13 अक्टूबर या उसके बाद तक बढ़ाया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी एयरलाइन की वेबसाइट या आधिकारिक हेल्पलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि करें। 

सऊदी अरब में सुरक्षा स्थिति और हवाई अड्डों के संचालन को लेकर आगे के फैसलों पर उड़ानों की बहाली निर्भर करेगी। यात्रियों को टिकट, रीबुकिंग और रिफंड से संबंधित जानकारी के लिए अपनी एयरलाइन से संपर्क बनाए रखना चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें