नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-6 स्थित सेंट्रल मार्केट में अवैध निर्माण के खिलाफ करीब 7 घंटे चली बुलडोजर कार्रवाई पूरी हो गई है। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई कार्रवाई में आवास विकास परिषद की टीम ने चिन्हित सभी 6 भवनों को ध्वस्त कर दिया। 

कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस ने घेर रखा था और सेंट्रल मार्केट की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी। आम लोगों, बाहरी व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों की एंट्री भी रोक दी गई थी। मामला रेजिडेंशियल प्लॉट पर हुए कमर्शियल निर्माण और सेटबैक से जुड़े अवैध निर्माण से जुड़ा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

 कुल 44 सील की गई कमर्शियल संपत्तियों में फिलहाल इन 6 भूखंडों पर कार्रवाई की गई। अब आवास विकास परिषद को 21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में कार्रवाई की प्रगति और आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट पेश करनी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद अब प्रशासन की नजर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई पर है।

क्या है मेरठ सेंट्रल मार्केट का पूरा मामला?

मेरठ के शास्त्रीनगर सेक्टर-6 स्थित सेंट्रल मार्केट का विवाद सिर्फ कुछ दुकानों या एक मार्केट को लेकर नहीं है। मामला इस बात से जुड़ा है कि आवासीय इस्तेमाल के लिए तय जमीन पर बड़े पैमाने पर व्यावसायिक निर्माण और गतिविधियां कैसे शुरू हो गईं।

सुप्रीम कोर्ट के रिकॉर्ड के मुताबिक, विवाद की शुरुआत शास्त्रीनगर के प्लॉट नंबर 661/6 से जुड़े मामले से हुई। यह प्लॉट आवासीय इस्तेमाल के लिए था, लेकिन वहां बिना मंजूरी के कमर्शियल निर्माण किया गया। 17 दिसंबर 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के ध्वस्तीकरण संबंधी आदेश को बरकरार रखा और अधिकारियों को कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कोर्ट ने यह भी कहा कि इसी तरह के अन्य अनधिकृत निर्माणों से भी उसी तरीके से निपटा जाए। 

इसके बाद मामला सिर्फ एक प्लॉट तक सीमित नहीं रहा। सुप्रीम कोर्ट में हुई आगे की सुनवाई में शास्त्रीनगर योजना क्षेत्र की बड़ी संख्या में संपत्तियों में अवैध निर्माण और सेटबैक पर कब्जे का मामला सामने आया। अप्रैल 2026 की कार्यवाही में कोर्ट के सामने 859 संपत्तियों का विवरण रखा गया, जिनमें 44 संपत्तियां कमर्शियल इस्तेमाल से जुड़ी बताई गईं। सुप्रीम कोर्ट ने इन संपत्तियों के अवैध सेटबैक हटाने के निर्देश दिए। 

बाद की कार्यवाही में 44 सील की गई कमर्शियल संपत्तियों पर विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कोर्ट ने कहा कि पूरी तरह व्यावसायिक निर्माण वाली संपत्तियों को ध्वस्त किया जाए। जिन मकानों के कुछ हिस्से का कमर्शियल इस्तेमाल हो रहा है, वहां अवैध हिस्से को हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाए। 

21 सितंबर की सुनवाई क्यों महत्वपूर्ण है?

अब आवास विकास परिषद को 21 सितंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट में कार्रवाई की प्रगति की रिपोर्ट देनी है। कोर्ट यह देखना चाहता है कि पिछली सुनवाइयों में दिए गए आदेशों पर जमीन पर कितना काम हुआ। इसी वजह से सेंट्रल मार्केट में 44 चिन्हित और सील संपत्तियों में बचे अवैध हिस्सों पर कार्रवाई तेज हुई है। आज की कार्रवाई इसी कड़ी का हिस्सा है। 

एक और महत्वपूर्ण बात: पूरे शास्त्रीनगर की सभी 859 संपत्तियों को एक साथ गिराने का मतलब नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों में अलग-अलग तरह के अवैध निर्माण और सेटबैक उल्लंघन के अनुसार कार्रवाई की बात है। 44 संपत्तियां विशेष रूप से कमर्शियल उपयोग/निर्माण से जुड़ी कार्रवाई के दायरे में हैं।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
🔴 02:03 PM 16 Sep 2026

7 घंटे में ढहा दिए छह भवन

सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई अब पूरी हो गई है। सभी 6 चिन्हित भवनों को ध्वस्त कर दिया गया है। करीब सात घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। सेंट्रल मार्केट में की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट अब 21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में पेश की जाएगी। कोर्ट ने पिछली सुनवाई में आदेशों के अनुपालन की स्थिति की रिपोर्ट मांगी थी।
🔴 12:04 PM 16 Sep 2026

पुलिस की सफाई

मेरठ पुलिस इस संबंध में एक्स पर सभी पोस्ट पर अपनी सफाई पेश पर रही है। पुलिस ने लिखा कि प्रकरण में माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा उक्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की सफाई
🔴 11:52 AM 16 Sep 2026

2 बुलडोजर मौके पर

सेंट्रल मार्केट में बुलडोजर कार्रवाई जारी है। मौके पर दो बुलडोजर लगाए गए हैं। आवास विकास के उप आयुक्त और अन्य प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं।
2 बुलडोजर मौके पर
🔴 11:51 AM 16 Sep 2026

4 निर्माण ध्वस्त

सेंट्रल मार्केट के 6 में से 4 भूखंडों पर बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। आवास विकास के अधिकारियों के मुताबिक अभी 2 अवैध निर्माण और गिरने हैं।
4 निर्माण ध्वस्त
🔴 11:49 AM 16 Sep 2026

जनप्रतिनिधियों को भी रोका

सेंट्रल मार्केट में कार्रवाई के दौरान बाहरी लोगों और जनप्रतिनिधियों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। पुलिस ने पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया है। मेरठ व्यापार संघ के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं को पुलिस ने उनके घर में ही रोक दिया।
जनप्रतिनिधियों को भी रोका
🔴 11:41 AM 16 Sep 2026

6 भूखंडों पर कार्रवाई

सेंट्रल मार्केट में रेजिडेंशियल प्लॉट पर बने कमर्शियल निर्माण के मामले में कार्रवाई की जा रही है। कुल 44 भूखंडों को लेकर मामला सामने आया था। इनमें से फिलहाल 6 भूखंडों पर कार्रवाई हो रही है।
6 भूखंडों पर कार्रवाई
🔴 11:40 AM 16 Sep 2026

कई ने पहले ही छोड़ दिया सेटबैक

कई भूखंड मालिकों ने सेटबैक छोड़ने के लिए अपने स्तर से अवैध हिस्सा पहले ही ध्वस्त कर दिया है। बाकी चिन्हित हिस्सों पर आवास विकास विभाग कार्रवाई कर रहा है।
🔴 11:39 AM 16 Sep 2026

21 को दाखिल करना है जवाब

सेंट्रल मार्केट मामले में प्रशासन को 21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में जवाब दाखिल करना है। इसी बीच शास्त्रीनगर सेक्टर-6 में कार्रवाई शुरू की गई है।
🔴 11:39 AM 16 Sep 2026

व्यापारियों ने जताया विरोध

कार्रवाई शुरू होने से पहले व्यापारियों ने इसका विरोध जताया। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई तक ध्वस्तीकरण नहीं होने का आश्वासन मिला था।
🔴 11:38 AM 16 Sep 2026

पुलिस बल तैनात

नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-6 में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। कार्रवाई वाले क्षेत्र में किसी बाहरी व्यक्ति को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
पुलिस बल तैनात