Bijnor Success Story: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के 'मिशन शक्ति' और ग्रामीण स्वावलंबन के विजन ने उत्तर प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का एक नया आसमान दिया है। कभी मुफलिसी के दौर में बस और रिक्शे के किराए तक के लिए मोहताज रहीं बिजनौर (Bijnor) जिले के नजीबाबाद तहसील की रहने वाली 36 वर्षीय ललिता आज ग्रामीण महिला उद्यमिता की एक बहुत बड़ी और प्रेरक मिसाल बन चुकी हैं। उन्होंने महज 15 हजार रुपये से अपना एलईडी (LED) कारोबार शुरू किया था और आज वे सालाना 3.60 लाख रुपये कमा रही हैं।

तंगहाली के अंधेरे से हरिद्वार पलायन की नौबत ललिता की पारिवारिक पृष्ठभूमि कड़े संघर्षों से भरी रही है। एमए (MA) तक शिक्षित होने के बावजूद सास-ससुर के देहांत के बाद परिवार पर घोर आर्थिक तंगी का पहाड़ टूट पड़ा था। उनके पति इलेक्ट्रीशियन का छोटा-मोटा काम कर किसी तरह घर चलाते थे। स्थिति इतनी खराब हो चुकी थी कि घर से 2 किलोमीटर दूर नजीबाबाद जाने के लिए भी उनके पास रिक्शे का किराया नहीं होता था। लगातार आर्थिक संकट से टूटकर उनके परिवार ने एक समय अपना घर छोड़कर हरिद्वार (Haridwar) में मजदूरी कर गुजर-बसर करने का फैसला तक कर लिया था। लेकिन ठीक उसी समय यूपी सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सशक्त किए जा रहे स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups) ने उनके जीवन को एक नई दिशा दी।

जंतर–मंतर गेम खेलें। पुलिस बनकर कॉकरोचों को पहचानो या आंदोलनकारी बनकर पहुंचो जंतर मंतर। खेलें ▶

2017 में समूह से जुड़ाव, 15 हजार से रखी नींव वर्ष 2017 में जब ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत समूह गठन की प्रक्रिया शुरू हुई, तब ललिता ने इसकी सदस्यता ली। वर्ष 2018 में उन्हें 'कृष्णा स्वयं सहायता समूह' का कोषाध्यक्ष चुना गया। गांव की दिव्यांग संगीता दीदी के आत्मनिर्भर संघर्ष से प्रेरणा लेकर ललिता ने अपना खुद का कारोबार शुरू करने की ठानी। वर्ष 2021 में उन्हें समूह से 15 हजार रुपये का रिवॉल्विंग फंड मिला, जिससे उन्होंने एलईडी बल्ब (LED Bulb) बनाने का काम शुरू किया। उनकी लगन को देखते हुए तत्कालीन जिला विकास अधिकारी (DDO) ने उन्हें 50 हजार रुपये की नि:शुल्क प्रोत्साहन राशि भी दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

2 लाख का ऋण और ऐतिहासिक 'विदुर' ब्रांड की स्थापना अपने काम को पेशेवर रूप देने के लिए ललिता ने 30 घंटे की ऑनलाइन ट्रेनिंग पूरी की। कारोबार के विस्तार के लिए दो साल पहले क्लस्टर लेवल फेडरेशन से उन्हें 2 लाख रुपये का ऋण (Loan) मिला। इस पूंजी से उन्होंने कच्चा माल जुटाया और बिजनौर की ऐतिहासिक पहचान को समर्पित करते हुए अपने एलईडी बल्बों को 'विदुर' (Vidur) ब्रांड नाम दिया। अब उनकी दुकान क्षेत्र का एक प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक केंद्र बन गई है।

गांव की महिलाओं को रोजगार, 3.6 लाख की सालाना आय ललिता आज खुद कमाने के साथ-साथ अन्य ग्रामीण महिलाओं का भी सहारा बनी हुई हैं।

  • रोजगार: बड़ा ऑर्डर मिलने पर वे गांव की 4 से 5 महिलाओं को काम पर रखती हैं और उन्हें 200 रुपये प्रतिदिन का मानदेय देती हैं।

  • आमदनी: सरस मेलों (Saras Mela) और प्रदर्शनियों में भी 'विदुर' ब्रांड के स्टॉल खूब सराहे गए हैं। दीपावली पर 16-17 हजार रुपये का माल तैयार कर उन्होंने स्थानीय बाजार से 25 हजार रुपये का शुद्ध लाभ कमाया। वर्तमान में वे हर महीने 30 हजार रुपये यानी सालभर में 3.60 लाख रुपये की नियमित आय अर्जित कर 'लखपति दीदी' (Lakhpati Didi) बन चुकी हैं।

बेटा बना अटल आवासीय विद्यालय का मेधावी ललिता की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ उनके बड़े बेटे का चयन मुरादाबाद स्थित 'अटल आवासीय विद्यालय' (Atal Awasiya Vidyalaya) में हुआ है, जहां वह पूर्णतः नि:शुल्क आधुनिक शिक्षा प्राप्त कर रहा है। वहीं उनके दो छोटे बच्चे भी नजीबाबाद के अच्छे विद्यालय में पढ़ रहे हैं।

ललिता भावुक होकर कहती हैं, "कभी हमारे पास बस का किराया तक नहीं था, लेकिन आज हम 3.60 लाख रुपये कमा रहे हैं। मैं सभी ग्रामीण बहनों से अपील करती हूं कि वे चूल्हा-चौके की चारदीवारी से बाहर निकलकर समूहों से जुड़ें और अपनी तकदीर संवारें।"

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें