उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद की नजीबाबाद थाना पुलिस ने शादी के नाम पर महिलाओं और युवतियों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बेहद शातिर मानव तस्करी गिरोह का सनसनीखेज पर्दाफाश किया है। Bijnor Human Trafficking Racket के खिलाफ चलाए गए इस सफल अभियान के तहत पुलिस ने 1 लाख रुपये में बेची जा रही एक अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। इसके साथ ही घटना में शामिल तीन महिलाओं समेत कुल 6 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मामले का खुलासा करते हुए बिजनौर पुलिस ने बताया कि बीते 26 अक्टूबर 2026 को नजीबाबाद थाने पर एक पीड़ित पिता ने तहरीर दी थी कि उसकी पुत्री को अभियुक्त सोनू और उसके साथी बहला-फुसलाकर भगा ले गए हैं। प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 516/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। युवती की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक कुलवीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।

जंतर–मंतर गेम खेलें। पुलिस बनकर कॉकरोचों को पहचानो या आंदोलनकारी बनकर पहुंचो जंतर मंतर। खेलें ▶

हरिद्वार में बंधक बनाकर रखा था, 1 लाख में हुआ था सौदा सोमवार, 9 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर छापेमारी कर नजीबाबाद क्षेत्र से अपहृत युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी सोनू ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि कुछ समय पूर्व उसने पीड़ित युवती से फोन पर संपर्क किया था और उसे बहला-फुसलाकर हरिद्वार बुलाया था। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्यों—मुखराम, शिवम, सिमरन उर्फ पूनम और ज्योति ने युवती को हरिद्वार में जबरन बंधक बनाकर रखा था।

आरोपी सोनू के मुताबिक, सोमवार को इस युवती का सौदा सहारनपुर निवासी कविता के साथ 1 लाख रुपये में तय हुआ था। कविता इस युवती को अपने साथ ले जाकर किसी अन्य व्यक्ति को और अधिक कीमत पर बेचने की फिराक में थी। सौदे की रकम में से 1 लाख रुपये सोनू और उसके साथियों को मिलने थे। सभी आरोपी युवती को ले जाने के लिए हरिद्वार जाने की बस का इंतजार कर रहे थे, तभी मुस्तैद नजीबाबाद पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 6 आरोपियों को धर दबोचा।

बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से महिलाओं को बनाते थे शिकार पकड़े गए अभियुक्तों ने पुलिस पूछताछ में मानव तस्करी के इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया। गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर घूमकर घर से भागकर आई या पारिवारिक विवादों से परेशान युवतियों व महिलाओं की तलाश करते थे। इसके बाद उन्हें सहानुभूति का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। दूसरी तरफ, ये लोग ऐसे पुरुषों की तलाश में रहते थे जिनकी शादी नहीं हो रही थी या जिनकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी।

इस गिरोह में काम का बंटवारा भी तय था। आरोपी मुखराम ग्राहकों की तलाश करता था, जबकि शिवम, सिमरन और ज्योति बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन से शिकार ढूंढने का काम करते थे। वहीं, सहारनपुर निवासी कविता ग्राहकों से सौदेबाजी की रकम तय करती थी।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. मुखराम पुत्र गेन्दाराम (निवासी मोहल्ला सुभाष नगर, थाना नजीबाबाद, बिजनौर)

  2. शिवम पुत्र मुखराम (निवासी मोहल्ला सुभाष नगर, थाना नजीबाबाद, बिजनौर)

  3. सिमरन उर्फ पूनम पत्नी शिवम (निवासी मोहल्ला सुभाष नगर, थाना नजीबाबाद, बिजनौर)

  4. ज्योति पुत्री राजू (निवासी पुरानी चुंगी, थाना कोतवाली ऋषिकेश, देहरादून, उत्तराखंड)

  5. कविता पत्नी रजनीश (निवासी ग्राम जखवाला, थाना देवबंद, सहारनपुर)

  6. सोनू पुत्र अजय कुमार (निवासी महमूदपुर, थाना चांदपुर, बिजनौर)

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुलवीर सिंह, हेड कांस्टेबल विजयपाल, कांस्टेबल रूपेंद्र, उपेंद्र कुमार, गौरव कुमार और महिला कांस्टेबल सोनम शामिल रहे। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें