नई दिल्ली. दिल्ली के Jama Masjid Metro Station पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान की मुस्तैदी का मामला सामने आया है। रविवार को स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान एक संदिग्ध यात्री चेकिंग छोड़कर अचानक भागने लगा। ड्यूटी पर तैनात जवान ने तुरंत एक्शन लिया और उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इस पूरी घटना का 27 सेकंड का सीसीटीवी वीडियो सीआईएसएफ ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें जवान की तेजी की हर तरफ तारीफ हो रही है।

एक्स-रे मशीन से बैग उठाकर भागा संदिग्ध अधिकारियों के अनुसार, सीआईएसएफ के जवान स्टेशन पर नियमित सुरक्षा जांच कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक यात्री की संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। यात्री ने एक्स-रे बैगेज स्कैनर से अपना बैग उठाया और अचानक महिलाओं के लिए बनाए गए एंट्री गेट से बाहर निकलकर भागने लगा।

जवान ने सीढ़ियों से पीछा कर गेट नंबर-1 पर दबोचा यात्री को भागता देख मुस्तैद जवान ने अपना मेटल डिटेक्टर वहीं छोड़ दिया और उसके पीछे दौड़ लगा दी। संदिग्ध व्यक्ति अंडरग्राउंड स्टेशन से जल्दी बाहर निकलने के लिए एस्केलेटर की ओर भागा, लेकिन जवान ने सीढ़ियों के रास्ते तेजी से उसका पीछा किया। अंततः एग्जिट गेट नंबर-1 के पास जवान ने उसे दबोच लिया। कुछ ही सेकंड में एक अन्य जवान भी मदद के लिए पहुंच गया और दोनों संदिग्ध को पकड़कर वापस स्टेशन के अंदर ले आए।

अंडरगारमेंट्स के भीतर मिला संदिग्ध पदार्थ सीआईएसएफ के अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए व्यक्ति के बैग की जब सघन तलाशी ली गई, तो उसमें रखे अंडरगारमेंट्स के सिले हुए हिस्से में एक अर्धठोस (semi-solid) पदार्थ छिपा हुआ मिला। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को शुरुआती संदेह है कि यह सोने का पेस्ट (gold paste) हो सकता है।

फिलहाल, सीआईएसएफ ने आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए संदिग्ध व्यक्ति को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है। यह पदार्थ असल में क्या है और व्यक्ति इसे क्यों छिपाकर ले जा रहा था, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें