अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से डीजल की खरीद और आपूर्ति से जुड़े प्रतिबंधों में 7 अप्रैल 2027 तक अस्थायी छूट दे दी है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) ने 9 अक्टूबर को इस संबंध में सामान्य लाइसेंस जारी किया। इससे निर्धारित शर्तों के तहत रूसी मूल के डीजल की बिक्री, आपूर्ति, जहाज से उतारने और अमेरिका में आयात से जुड़े लेनदेन की अनुमति मिल गई है।

यह फैसला ऐसे समय आया है, जब ईरान युद्ध के कारण वैश्विक ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है और अमेरिका में डीजल की कीमतें बढ़ी हैं।

अमेरिका में 6.28 डॉलर प्रति गैलन पहुंची कीमत

एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में डीजल की औसत कीमत 6.28 डॉलर प्रति गैलन पहुंच गई है। 22 सितंबर को यह कीमत 6.52 डॉलर प्रति गैलन के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची थी।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका में डीजल की कीमतों में करीब 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। बढ़ती कीमतों के बीच ट्रंप प्रशासन ईंधन की आपूर्ति बढ़ाने के उपाय कर रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रूस कितने डीजल की आपूर्ति करेगा?

ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत के बाद रूसी डीजल की आपूर्ति बढ़ाने की घोषणा की। AP के अनुसार, ट्रंप ने तत्काल 3 लाख टन से अधिक डीजल की आपूर्ति और नवंबर में 5 लाख टन अतिरिक्त डीजल भेजे जाने की बात कही। इसके बाद और आपूर्ति का भी उल्लेख किया गया है।

हालांकि, इन खेपों की पूरी समय-सारणी और भुगतान की शर्तें स्पष्ट नहीं हैं।

यूक्रेन युद्ध के बाद लगे थे प्रतिबंध

रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमला किया था। इसके बाद अमेरिका ने रूसी ऊर्जा उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए थे। अब डीजल से जुड़े लेनदेन को अस्थायी छूट मिलने से अमेरिकी नीति में बदलाव आया है।

इस फैसले का असर अमेरिकी बाजार में डीजल की कीमतों पर कितना पड़ेगा, यह वास्तविक आपूर्ति और वैश्विक बाजार की स्थिति पर निर्भर करेगा। ऊर्जा विशेषज्ञों ने संकेत दिया है कि इस कदम से खुदरा कीमतों में बड़ी गिरावट की गारंटी नहीं है।

जेलेंस्की ने ट्रंप के फैसले पर जताई नाराजगी

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस से डीजल खरीदने की अमेरिकी छूट पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इससे रूस को युद्ध जारी रखने के लिए आर्थिक और सैन्य ताकत मिल सकती है। इससे रूसी सेना के हमले और तेज होने की आशंका है।

जेलेंस्की ने चेतावनी दी कि इस फैसले से युद्ध की अवधि बढ़ सकती है, अधिक लोगों की जान जा सकती है और वैश्विक स्तर पर नुकसान बढ़ सकता है।

उनकी यह प्रतिक्रिया ऐसे वक्त आई है, जब यूक्रेन के प्रतिनिधि रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने के प्रयासों के तहत अमेरिका के फ्लोरिडा में अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें