वाराणसी. उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। विंध्याचल धाम से दर्शन कर लौट रहे युवाओं की स्कॉर्पियो कार को नेशनल हाईवे-19 (प्रयागराज-वाराणसी हाईवे) पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक Varanasi Road Accident में 5 दोस्तों की मौके पर ही या अस्पताल में मौत हो गई, जबकि 3 अन्य युवा गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायल बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं। यह भीषण हादसा जिला मुख्यालय से 27 किमी दूर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास स्थित ओवरब्रिज पर सुबह करीब 6 बजे घटित हुआ।

सेल्फी लेना पड़ा भारी प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी 8 दोस्त अपने साथी निखिल का जन्मदिन मनाने के लिए विंध्याचल धाम दर्शन करने गए थे। दर्शन-पूजन के बाद सोमवार सुबह सभी स्कॉर्पियो (UP 65 EB 2199) में सवार होकर काशी लौट रहे थे। रूपापुर गांव के समीप ओवरब्रिज पर उन्होंने अपनी गाड़ी रोक दी और सभी बाहर निकल आए। ओवरब्रिज पर खड़े होकर वे तस्वीरें और सेल्फी लेने लगे। तभी पीछे से आ रहे सेब लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने खड़ी स्कॉर्पियो और वहां मौजूद युवाओं को बेरहमी से रौंद दिया। हादसे से चंद मिनट पहले ही सभी ने एक ग्रुप फोटो भी खिंचवाई थी, जो अब उनकी आखिरी तस्वीर बन गई है।

80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में था ट्रक पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि प्रयागराज से वाराणसी की तरफ आ रहे ट्रक की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच थी। ओवरब्रिज पर अचानक स्कॉर्पियो को खड़ी देखकर ट्रक चालक अपना नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का आधा हिस्सा पूरी तरह से गायब हो गया। कार लगभग 30 से 40 मीटर तक आगे घिसटती चली गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुर्घटना के बाद लाशें 25 फीट तक बिखर गईं। तीन दोस्तों के शव ओवरब्रिज पर ही पड़े थे, जबकि एक युवक का शव 30 फीट नीचे जा गिरा। एक अन्य युवक ओवरब्रिज के नीचे तड़पता हुआ मिला, जिसने हादसे के करीब 12 घंटे बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

हादसे में जान गंवाने वाले युवा इस भीषण हादसे में जिन पांच युवाओं की मौत हुई है, उनकी पहचान इस प्रकार है:

खबरों के लिए ज्वाइन करें हमारा Whatsapp Channel
  • आलोक मिश्रा (30 वर्ष): पिसौर, शिवपुर के रहने वाले। तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर के आलोक महज 5 दिन बाद जियो (JIO) कंपनी में नई नौकरी जॉइन करने वाले थे। इनके पिता अजय किसान और मां उर्मिला गृहिणी हैं।

  • विद्वांशु यादव (30 वर्ष): वीडीए कॉलोनी शिवपुर निवासी। तीन भाइयों में दूसरे नंबर के विद्वांशु ठेकेदारी करते थे और पिता के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उठा रहे थे। उनकी मां मृदुला देवी हाउसवाइफ हैं।

  • प्रदीप सिंह (36 वर्ष): चोलापुर निवासी। यह ई-कॉमर्स कंपनी मीशो में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। इनका एक बेटा भी है। पति की मौत की खबर से पत्नी सोना का रो-रोकर बुरा हाल है।

  • आनंद यादव (25 वर्ष): शिवपुर के निवासी।

  • किशन यादव (35 वर्ष): हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इन्होंने भी दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल हुए युवा दुर्घटना में सावन यादव (26 वर्ष), राजकुमार यादव (35 वर्ष) और जन्मदिन मनाने वाले निखिल (32 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनका इलाज ट्रामा सेंटर में जारी है।

पुलिस कार्रवाई और जांच घटना के बाद ट्रक चालक करीब 200 मीटर दूर अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो की तलाशी में पुलिस को अंदर से प्रसाद के डिब्बे, नारियल और चुनरी बरामद हुई है।

हादसे की सूचना मिलने पर चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने भी घटनास्थल का दौरा किया। मिर्जामुराद के थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) गोपालजी कुशवाह ने जानकारी देते हुए बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि कार सवार युवक ओवरब्रिज पर खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। हालांकि, दुर्घटना की असली वजह विस्तृत जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें