उत्तर प्रदेश की झांसी अदालत से बॉलीवुड की बहुचर्चित अभिनेत्री राखी सावंत की कानूनी मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। झांसी कोर्ट ने शनिवार को 16 साल पुराने एक गंभीर मामले में सुनवाई करते हुए राखी सावंत के खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। यह पूरा मामला साल 2010 के बहुचर्चित रियलिटी टीवी शो 'राखी का इंसाफ' के दौरान हुए एक विवाद से जुड़ा हुआ है। बार-बार समन भेजने के बावजूद जब राखी सावंत अदालत में पेश नहीं हुईं, तो कोर्ट को यह सख्त कदम उठाना पड़ा। इस मामले की अगली सुनवाई सीएडब्ल्यू (एफटीसी) कोर्ट में 1 दिसंबर को नियत की गई है।

जानिए क्या है 16 साल पुराना पूरा मामला? डीजीसी क्राइम मृदुलकांत श्रीवास्तव से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटनाक्रम झांसी के प्रेमनगर स्थित टोरिया मोहल्ले से जुड़ा है। यहां रहने वाला 24 वर्षीय युवक लक्ष्मण प्रसाद अहिरवार ठेले पर सब्जी बेचने का काम करता था। लक्ष्मण का विवाह 19 फरवरी 2010 को राजगढ़ की रहने वाली अनीता के साथ हुआ था। हालांकि, शादी के महज सात महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद गहराने लगा। विवाद के बाद अनीता अपने मायके जाकर रहने लगी थी। अनीता का आरोप था कि उसके पति के एक रिश्तेदार की नीयत ठीक नहीं थी और शिकायत के बावजूद लक्ष्मण ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसके अलावा पति पर शराब पीकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया था।

टीवी शो 'राखी का इंसाफ' में पहुंचा था पारिवारिक विवाद पति-पत्नी के इस घरेलू झगड़े को सुलझाने के नाम पर मामला साल 2010 में प्रसारित होने वाले टीवी शो 'राखी का इंसाफ' तक पहुंच गया। लक्ष्मण अपनी मां सावित्री, मामी पूजा और मामा बलबीर के साथ दिल्ली होते हुए हवाई जहाज से मुंबई शो के सेट पर पहुंचा था। लक्ष्मण की मां सावित्री का आरोप है कि शो की शूटिंग के दौरान होस्ट राखी सावंत ने मंच पर उनके बेटे को बुरी तरह बेइज्जत और जलील किया। इस दौरान सार्वजनिक रूप से राखी सावंत ने लक्ष्मण को नामर्द कह दिया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

सदमे में बिगड़ी थी मानसिक और शारीरिक स्थिति 23 अक्टूबर 2010 को जब यह शो टेलीविजन पर प्रसारित हुआ, तो इसके बाद लक्ष्मण काफी मानसिक तनाव और सदमे में चला गया। परिजनों के अनुसार, वह लोक-लाज के डर से लोगों के सामने जाने से घबराने लगा था। उसकी नींद गायब हो गई और उसने खाना-पीना भी पूरी तरह छोड़ दिया। जब मां ने उससे उदासी का कारण पूछा, तो उसने आहत होकर कहा था कि राखी सावंत की टिप्पणियों ने उसकी जिंदगी और सामाजिक प्रतिष्ठा पूरी तरह खत्म कर दी है। लगातार गिरती शारीरिक स्थिति के कारण 9 नवंबर 2010 को उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराना पड़ा, जहां 10 नवंबर 2010 को उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद आहत मां ने राखी सावंत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

खबरों के लिए ज्वाइन करें हमारा Whatsapp Channel

लगातार गैरहाजिरी के बाद कोर्ट का सख्त कदम अदालत द्वारा भेजे गए समन के बावजूद राखी सावंत कानूनी प्रक्रियाओं में शामिल नहीं हो रही थीं और न ही कोर्ट में उपस्थित हो रही थीं। शनिवार को झांसी की सीएडब्ल्यू (एफटीसी) अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। अब पुलिस को उन्हें गिरफ्तार कर या बांड के जरिए कोर्ट के समक्ष पेश करना होगा।

अक्सर अपने बयानों और विवादों से चर्चा में रहती हैं राखी सावंत अभिनेत्री राखी सावंत का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी वह कई बड़ी हस्तियों से जुड़ी बयानबाजी के चलते सुर्खियों में रही हैं:

  • कंगना रनोट से नोकझोंक: लगभग तीन महीने पहले राखी सावंत ने अभिनेत्री और सांसद कंगना रनोट को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जंतर-मंतर मामले पर कंगना के बयान के जवाब में राखी ने उन्हें 'गटर माउथ' कहा था, जिस पर दोनों के बीच सोशल मीडिया पर जमकर जुबानी जंग देखने को मिली थी।

  • गायक मीका सिंह किस विवाद: करीब नौ महीने पहले एक पॉडकास्ट में राखी सावंत ने गायक मीका सिंह को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने दावा किया था कि साल 2006 में मीका सिंह द्वारा जबरन किस किए जाने के बाद ही मीका की गायकी में निखार आया था। गौरतलब है कि साल 2006 के इस चर्चित किस कांड में राखी ने एफआईआर दर्ज कराई थी, जो लगभग 17 साल बाद आपसी रजामंदी से सुलझा था।

फिलहाल झांसी कोर्ट द्वारा जारी NBW के बाद देखना होगा कि 1 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में राखी सावंत का क्या रुख रहता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें