कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के फार्म हाउस में लूट की वारदात सामने आई है। रमेश यादव के मुताबिक, सोमवार देर रात नकाबपोश बदमाश उनके फार्म हाउस में घुसे और उन्हें बंधक बनाकर 12 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी और राडो घड़ी लूट ली। इसके बाद बदमाश उनके हाथ-पैर बांधकर उन्हें बाथरूम में बंद कर फरार हो गए। घटना सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र में हुई, जो शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर बताया गया है।
पदभार ग्रहण कर देर रात कानपुर पहुंचे थे रमेश यादव
रमेश यादव के अनुसार, वह सोमवार को लखनऊ में BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद रात करीब 12:30 बजे कानपुर पहुंचे थे। वह अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित फार्म हाउस में अकेले रुके थे। परिसर में चार गार्ड तैनात थे।
रमेश ने बताया कि उनके नौकर अभय राजपूत ने उन्हें खाना खिलाया था। इसके बाद वह करीब पौने 11 बजे सोने चला गया। उनके मुताबिक, नौकर के जाने के लगभग 15 मिनट बाद दो बदमाश वहां पहुंचे। एक बदमाश ने उनके सीने पर तमंचा लगा दिया, जबकि दूसरे के हाथ में पेट्रोल की बोतल थी।
दो करोड़ रुपये मांगने की बात कही
रमेश यादव ने बताया कि बदमाशों ने उनसे दो करोड़ रुपये मांगे। उनके मुताबिक, बदमाशों ने कहा कि वे उन्हें मारने नहीं आए हैं, बल्कि उन्हें पैसों की जरूरत है। रमेश ने फोन करके रुपये मंगाने की बात कही तो बदमाशों ने गार्ड बलराम को फोन करने की आशंका जताई।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›रमेश के बयान के अनुसार, बदमाश उन्हें दूसरे कमरे में ले गए। वहां रखे लॉकर से 12 लाख रुपये निकाल लिए। इसके अलावा उनकी सोने की चेन, अंगूठी और राडो घड़ी भी ले गए। इसके बाद बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और बाथरूम में बंद कर दिया।
रमेश ने बताया कि बदमाश उन्हें तौलिया और पानी की बोतल देकर गए थे। उनके मुताबिक, हाथ-पैर खोलने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने किसी तरह सेलो टेप हटाया और गार्ड को फोन किया। गार्ड मौके पर पहुंचे और उन्हें बाथरूम से बाहर निकाला। रमेश ने यह भी बताया कि उनके चेहरे पर रगड़ के निशान आए हैं।
भागते समय CCTV में दिखे दो संदिग्ध
पुलिस को रात करीब 1:20 बजे वारदात की सूचना दी गई। इसके बाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा और DCP दीपेंद्रनाथ चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
🏪 आपके शहर के ऑफर
जांच के दौरान फार्म हाउस में प्रवेश करते समय बदमाशों का CCTV फुटेज नहीं मिला। हालांकि, भागते वक्त दो संदिग्ध कैमरे में कैद हुए हैं। फुटेज में दोनों काले कपड़े पहने दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि वे वॉशबेसिन पर चढ़कर टीन शेड के ऊपर से कूदकर निकले।
पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की जांच कराई। डॉग स्क्वॉयड गार्डन से उस कमरे तक पहुंचा, जहां रमेश को बंधक बनाया गया था। इसके बाद वह फार्म हाउस की बाउंड्री के पीछे स्थित खेत तक गया। पुलिस इस संभावना की जांच कर रही है कि बदमाश पीछे के रास्ते से आए और उसी ओर से फरार हुए।
आठ टीमें जांच में जुटीं
जांच के दौरान फार्म हाउस के पास स्थित एक पेड़ पर जूते से रगड़ के निशान भी मिले हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बदमाशों ने परिसर में प्रवेश करने के लिए इस रास्ते का इस्तेमाल किया था या नहीं। पुलिस फार्म हाउस में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, रमेश यादव से 12 लाख रुपये की लूट की सूचना मिली है। मामले की जांच के लिए आठ टीमें लगाई गई हैं और दो संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने जल्द मामले का खुलासा करने की बात कही है।
रमेश यादव एक अक्टूबर को BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री बने थे। वह दो बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उनकी पत्नी शशि भी ब्लॉक प्रमुख रही हैं। रमेश ने 2022 में बसपा के टिकट पर बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। लूट में शामिल लोगों की पहचान, घटना में उनकी भूमिका और लूटी गई नकदी व सामान की बरामदगी के संबंध में अंतिम पुष्टि नहीं हुई है।

Sabse pehle comment karne wale banein.