9 घंटे का सफर 30 मिनट में होगा पूरा! सोनप्रयाग से केदारनाथ रोपवे परियोजना को मंजूरी...मोदी कैबिनेट ने लिए कई बड़े फैसले
नरेंद्र मोदी की कैबिनेट ने उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण रोपवे परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। पर्वतमाला परियोजना के तहत सोनप्रयाग से केदारनाथ (12.9 km) और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब (12.4 km) तक रोपवे बनाए जाएंगे। केदारनाथ रोपवे के जरिए यात्रा का समय 8-9 घंटे से घटकर 36 मिनट रह जाएगा।
Updated: Mar 5, 2025, 16:39 IST
|

नरेंद्र मोदी कैबिनेट ने बुधवार को कई बड़े फैसले लिए हैं। इसमें उत्तराखंड को बड़ी सौगात दी गई है। कैबिनेट ने राष्ट्रीय रोपवे विकास कार्यक्रम- पर्वतमाला परियोजना के तहत उत्तराखंड के सोनप्रयाग से केदारनाथ तक 12.9 किलोमीटर लंबी रोपवे परियोजना को मंजूरी दी है। इसकी कुल लागत 4,081.28 करोड़ रुपये होगी। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अभी जो सफर 8-9 घंटे का होता है, वह घटकर 36 मिनट का रह जाएगा। READ ALSO:-बिजनौर : जिलाधिकारी जसजीत कौर ने लगाई ग्राम चौपाल, देखे गांव के हालात, महिलाओं ने की सड़क बनवाने की मांग
केंद्रीय कैबिनेट ने पर्वतमाला परियोजना के तहत उत्तराखंड के गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबी रोपवे परियोजना के विकास को भी मंजूरी दी है। पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम में संशोधन को भी मंजूरी दी गई है, जिसमें पशु चिकित्सा घटक भी शामिल है। टीकाकरण, निगरानी और स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन के जरिए पशुधन रोगों की रोकथाम और नियंत्रण में मदद की योजना है।
सोनप्रयाग से केदारनाथ रोपवे परियोजना
- प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में फैसला लिया गया है कि रोपवे को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप में विकसित किया जाएगा। इसे ट्राई-केबल डिटैचेबल गोंडोला (3एस) तकनीक पर विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण से रोजाना 18 हजार यात्री सफर कर सकेंगे।
- केदारनाथ आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए रोपवे परियोजना वरदान साबित होगी। यह परियोजना पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ ही आरामदायक और तेज कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। इससे समय की काफी बचत होगी।
सोनप्रयाग से केदारनाथ तक 12.9 किलोमीटर लंबी रोपवे परियोजना के बारे में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इसकी कुल लागत 4,081.28 करोड़ रुपये आएगी। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अभी जो यात्रा 8-9 घंटे में पूरी होती है, वह घटकर 36 मिनट रह जाएगी। इसमें 36 लोगों के बैठने की क्षमता होगी।
इसके साथ ही कैबिनेट ने पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम (LHDCP) में संशोधन को मंजूरी दे दी है। एलएचडीसीपी योजना में पशु चिकित्सा को जोड़ा गया है। इस योजना के तहत 2024-25 और 2025-26 में 3,880 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।