अयोध्या में रामनवमी की अद्भुत छटा: सूर्य की किरणों ने किया रामलला का अभिषेक, लाखों भक्तों ने देखा दिव्य नज़ारा
रामनगरी में राम जन्मोत्सव की धूम, राम मंदिर में दोपहर 12 बजे हुआ 'सूर्य तिलक', देशभर के मंदिरों में विशेष आयोजन
Apr 6, 2025, 13:09 IST
|

आज रामनवमी के पावन अवसर पर रामनगरी अयोध्या में राम जन्मोत्सव की धूम मची हुई है। राम मंदिर में दोपहर ठीक 12 बजे एक अद्भुत और दिव्य घटना घटी, जब सूर्य की किरणों ने सीधे रामलला के मस्तक का अभिषेक किया। इस अलौकिक दृश्य को 'सूर्य तिलक' कहा गया, जो लगभग 4 मिनट तक चला। इस भव्य आयोजन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे देश और दुनिया भर के करोड़ों लोगों ने देखा और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।READ ALSO:-मेरठ में रामनवमी की धूम, शोभायात्राओं और मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
सुबह से ही देश-विदेश से आए श्रद्धालु सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाने के लिए विभिन्न घाटों पर उमड़ पड़े। घाटों पर भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।
@khabreelal_news आज रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या में राम जन्मोत्सव पूरे जोर-शोर से मनाया जा रहा है। ठीक 12 बजे राम मंदिर में एक अद्भुत और दिव्य घटना घटी, जब सूर्य की किरणों ने सीधे रामलला के मस्तक का अभिषेक किया। इस अलौकिक दृश्य को 'सूर्य तिलक' कहा गया, जो करीब 4 मिनट तक चला। pic.twitter.com/t0LtFSyCUQ
— MK Vashisth-Managing Editor-Khabreelal Media & PR (@vadhisth) April 6, 2025
रामलला का 'सूर्य तिलक' रामनवमी पर्व का मुख्य आकर्षण रहा। वैज्ञानिकों ने इस दुर्लभ संयोग को संभव बनाने के लिए पिछले कई दिनों से परीक्षण किए थे, जिसका अंतिम परीक्षण शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
राम मंदिर में दर्शन और पूजन का सिलसिला सुबह से ही जारी है। पवित्र सरयू नदी में स्नान के साथ ही अयोध्या में रामनवमी के उत्सव का भव्य आगाज हो गया। 'जय श्री राम' के उद्घोष के साथ श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं और इसके बाद नागेश्वर नाथ, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और राम मंदिर की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। सरयू के घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जहाँ जल पुलिस के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान तैनात हैं।
शहर के लगभग 5000 मंदिरों में भगवान राम की प्राकट्य आरती की गई। रामनवमी पर रामलला के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को गर्मी से बचाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं पर ड्रोन के माध्यम से सरयू नदी के जल का छिड़काव किया जा रहा है, और नगर निगम के कर्मचारी लाइन में लगे भक्तों को पानी पिला रहे हैं।
रामनगरी अयोध्या में राम जन्मोत्सव को लेकर देश-विदेश से श्रद्धालुओं का आगमन जारी है। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। मां सरयू में डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालु महाबली हनुमान और राम जन्मभूमि के दर्शन कर रहे हैं। आसपास के जिलों से भी लाखों की संख्या में राम भक्त अयोध्या पहुंचे हैं। रात दो बजे से ही श्रद्धालु मोक्षदायिनी मां सरयू में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं, जिससे पूरी रामनगरी श्रद्धालुओं से भरी पड़ी है।
अयोध्या नगरी को प्रभु राम के जन्मोत्सव के लिए रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे राम मंदिर समेत अयोध्या के सभी मठ मंदिरों में धूमधाम से प्रभु राम का जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर अयोध्या में दीपोत्सव जैसा मनोहारी दृश्य देखने को मिला। प्रभु राम के विराजमान होने के बाद यह दूसरा जन्मोत्सव है, जिसे ऐतिहासिक बनाने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की थी। मठ मंदिरों में रंग-बिरंगी रोशनी जगमगा रही है, और राम की पैड़ी और संत तुलसीदास घाट पर लगभग 2.5 लाख दीपक जलाकर प्रभु राम के जन्मोत्सव का उत्साह मनाया गया। इस कार्य में शिक्षा विभाग के स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के लिए अयोध्या पूरी तरह से सजधज कर तैयार है। रामनगरी में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। आज रामनवमी के अवसर पर पूरी अयोध्या नगरी 'जय श्रीराम' के जयघोष से गुंजायमान है। अनुमान है कि आज लगभग 50 लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचेंगे, जिसको लेकर प्रशासन ने सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की है। इसके साथ ही देश भर के सैकड़ों मंदिरों में रामनवमी की विशेष तैयारी की गई है।
