ITBP कैंप में कांस्टेबल ने ASI को मारी 18 गोलियां: मौत, परेड में डांटने से था नाराज
मॉर्निंग परेड के दौरान वर्दी को लेकर हुई थी बहस, आरोपी गिरफ्तार, कैंप में मचा हड़कंप।
Updated: Mar 17, 2025, 20:30 IST
|

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के मुड़ीपार स्थित भारत तिब्बत सीमा सुरक्षा बल (ITBP) की 38वीं बटालियन के कैंप में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना हुई। यहां एक कांस्टेबल ने अपनी इंसास राइफल से अपने ही वरिष्ठ अधिकारी, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) देवेंद्र सिंह दहिया की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी कांस्टेबल सरोज कुमार ने ASI के शरीर पर 17 गोलियां दागीं, जिनमें से एक गोली उनके माथे पर और 15 गोलियां उनके सीने पर लगीं, जबकि दो अन्य गोलियां इधर-उधर चली गईं।READ ALSO:-PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: 10 लाख से अधिक घरों में लगे सोलर प्लांट, 1 करोड़ का लक्ष्य, सब्सिडी और सस्ते लोन का भी प्रावधान
यह वारदात सुबह करीब 9 बजे उस समय हुई जब ITBP के जवान मॉर्निंग परेड के लिए इकट्ठा हुए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ASI देवेंद्र सिंह दहिया ने कांस्टेबल सरोज कुमार को उसकी वर्दी (टर्न आउट) को लेकर डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर कांस्टेबल सरोज कुमार ने आपा खो दिया और अपनी इंसास राइफल से फायरिंग कर दी।
सूत्रों के अनुसार, मृतक ASI देवेंद्र सिंह दहिया (56 वर्ष) हरियाणा के रहने वाले थे, जबकि आरोपी कांस्टेबल सरोज कुमार (32 वर्ष) बिहार के बक्सर जिले का निवासी है। दोनों रायपुर के ITBP 38वीं बटालियन के कॉलोनी में ही रहते थे। कांस्टेबल सरोज कुमार विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे (5 और 3 साल के) हैं, जो उसके साथ ही रहते थे।
बताया जा रहा है कि इस घटना से तीन दिन पहले भी ASI देवेंद्र सिंह दहिया ने कांस्टेबल सरोज कुमार को उसकी वर्दी को लेकर डांटा था। सोमवार सुबह परेड के दौरान दोबारा डांटने पर कांस्टेबल सरोज कुमार न सिर्फ गुस्से में था, बल्कि डरा हुआ भी महसूस कर रहा था। परेड के बाद वह बटालियन के अंदर अपने घर गया, जहां उसने अपनी पत्नी से भी कोई बातचीत नहीं की। नाश्ता करने के बाद वह अपनी इंसास राइफल लेकर घर से निकला। कुछ दूरी पर उसने ASI दहिया को देखा। ASI को शायद यह लगा कि कांस्टेबल सुबह की अपनी गलती के लिए माफी मांगने आ रहा है।
लेकिन तभी ASI दहिया ने कथित तौर पर उसे दोबारा अपशब्द कह दिए। ASI की गालियां सुनकर कांस्टेबल सरोज कुमार का गुस्सा भड़क उठा और उसने पहली गोली ASI दहिया के माथे पर मार दी। गोली लगते ही ASI जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी कांस्टेबल का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने ASI के सीने और पीठ की तरफ 17 राउंड फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कैंप के अंदर हुई इस वारदात के बाद अधिकारियों ने तुरंत मेन गेट को सील कर दिया और कैंप के अंदर ITBP अधिकारियों के अलावा केवल पुलिस को ही प्रवेश की अनुमति दी गई। ITBP के उच्च अधिकारी वारदात की जानकारी देने से बचते रहे। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक खरोरा पुलिस ने घटनास्थल पर गहन जांच की, जिसके बाद आरोपी कांस्टेबल सरोज कुमार को हिरासत में ले लिया गया। कैंप परिसर से जवान को कस्टडी में लेने के दौरान पुलिस अधिकारियों और ITBP के अफसरों के बीच कुछ दस्तावेजों को लेकर कहासुनी भी हुई, लेकिन पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जवान को कस्टडी में लेकर खरोरा पुलिस के अधिकारी रवाना हो गए। ASI देवेंद्र सिंह दहिया के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। इस घटना से पूरे ITBP कैंप में हड़कंप मच गया है और अधिकारी मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
