दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर-मंतर-2.0 के नाम से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया है. दिल्ली पुलिस के अनुसार इस प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी गई है. फिर भी बड़ी संख्या में लोगों के जुटान की आशंका को देखते हुए शहर में 20 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और निगरानी के लिए 300 से ज्यादा कैमरे लगाए गए हैं.

पुलिस की तैयारी सेंट्रल दिल्ली से लेकर राजधानी के बॉर्डर तक फैली हुई है. अलग-अलग राज्यों से प्रदर्शन में शामिल होने आने वाले लोगों को बॉर्डर पर ही रोकने की कोशिश की जाएगी, ताकि किसी इलाके में भीड़ जमा न हो. जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवाएं बंद रखने और बाजार बंद करने की तैयारी भी की गई है.

1.5 किलोमीटर का सेंसिटिव जोन, 6500 से ज्यादा जवान

दिल्ली पुलिस ने करीब 1.5 किलोमीटर के दायरे को बेहद संवेदनशील जोन घोषित किया है. इस इलाके में जंतर-मंतर, जनपथ, चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस मुख्यालय जैसी अहम जगहें शामिल हैं. इस हिस्से में 6500 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है.

नई दिल्ली जिले के संवेदनशील स्थानों पर 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों में ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा है, ताकि किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.

विज्ञापन
विज्ञापन

जंतर-मंतर पर सात लेयर की बैरिकेडिंग

प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने वाली सड़क पर कम से कम सात लेयर की बैरिकेडिंग की गई है. आखिरी लेयर की बैरिकेडिंग को वेल्ड कर दिया गया है, जिससे उसे तोड़ना मुश्किल हो सके. संवेदनशील जगहों पर लाउडस्पीकर लगाकर रिकॉर्डेड अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को बताया जा रहा है कि प्रदर्शन की परमिशन नहीं दी गई है. अनाउंसमेंट में लोगों से नारे न लगाने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमला न करने की अपील की गई है.

पुलिस ने लोगों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी शुरू किया है. कम्युनिटी सेंटर, मस्जिद और आरडब्ल्यूए से यह संदेश फैलाने को कहा गया है कि विरोध प्रदर्शन को मंजूरी नहीं दी गई है. बाहर से आने वालों को चेतावनी दी गई है कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है और उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है.

नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के लॉज और होटलों की चेकिंग की जा रही है. होटल प्रबंधन को बताया जा रहा है कि विरोध के लिए परमिशन नहीं है और मेहमानों को इसमें शामिल होने से रोका जाए. एयरबीएनबी होस्ट और प्रॉपर्टी मालिकों से भी कहा गया है कि प्रदर्शन में शामिल होने की योजना बना रहे लोगों को जगह किराए पर न दें. शक होने पर पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है.

बॉडी कैमरे और वीडियोग्राफर, घटनाओं की रिकॉर्डिंग पर फोकस

हाल के प्रदर्शनों के दौरान बल प्रयोग और गलत व्यवहार के आरोपों के बीच पुलिस का फोकस घटनाओं को रिकॉर्ड करने पर भी है. 2, 3 और 4 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शनों के बाद सोशल मीडिया पर एडिट किए गए वीडियो सर्कुलेट हुए थे. इनमें पुलिसकर्मियों के कथित गलत व्यवहार, महिला प्रदर्शनकारी के साथ मारपीट और छेड़छाड़ के दावे भी शामिल थे.

अधिकारियों के अनुसार सीनियर अधिकारियों, जिनमें एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस और उससे ऊपर के रैंक के अधिकारी शामिल हैं, और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को बॉडी-वॉर्न कैमरे दिए गए हैं. प्रदर्शन और पुलिस की प्रतिक्रिया को रियल टाइम में रिकॉर्ड करने के लिए सैकड़ों फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर भी लगाए गए हैं. अधिकारियों को उम्मीद है कि इस फुटेज से घटनाओं का क्रम समझने, गुमराह करने वाले दावों की पड़ताल और किसी घटना की जांच में मदद मिलेगी.

दिल्ली पुलिस ने शहर के लोगों के नाम खुला खत जारी कर याद दिलाया है कि पुलिसकर्मी भी इंसान हैं और उनके परिवार घर पर उनका इंतजार करते हैं. संदेश में सभी पक्षों से इंसानियत और संयम बरतने की अपील की गई है.

ट्रैफिक डायवर्जन और मेट्रो स्टेशन बंद

एडिशनल सीपी ट्रैफिक डीके गुप्ता के अनुसार दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. नई दिल्ली की तरफ जाने वाले 30 ऐसे रास्ते हैं, जो प्रभावित हो सकते हैं. प्रदर्शन की स्थिति के अनुसार डायवर्जन प्लान बनाया जाएगा और दिल्ली बॉर्डर पर भी डायवर्जन रह सकता है.

सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार शुक्रवार रात नौ बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे. इनमें राजीव चौक, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और कश्मीरी गेट समेत अन्य स्टेशन शामिल हैं.

एनसीआरटीसी ने भी नमो भारत यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है. दिल्ली स्थित सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे. इस दौरान इन दोनों स्टेशनों पर यात्रियों के चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी.

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें