कृषि कानूनों के विरोध में 18 फरवरी को देशभर में किसान रोकेंगे ट्रेनें, जान लें कार्यक्रम वरना होंगे परेशान
कृषि कानूनों के विरोध में किसान आंदोलन को चलते हुए 77 दिन बीत चुके हैं। केंद्र सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए किसान दिल्ली बॉर्डर पर बैठे हैं, वहीं कभी चक्का जाम तो कभी ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं, हालांकि इसके बाद भी सरकार ने साफ कह दिया है कि वह कृषि कानूनों को किसी भी कीमत पर वापस नहीं लेगी। ऐसे में अब किसान विरोध स्वरूप 18 फरवरी को देशभर में रेल रोको आंदोलन करेंगे।
किसान आंदोलन पर सख्त हुए मोदी, बोले - किसान बताएं कौन सा हक छिन गया
संयुक्त किसान मोर्चा के डॉ. दर्शन पाल ने कहा कि 18 फरवरी को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक ट्रेनें रोकी जाएंगी। किसानों ने 12 फरवरी से राजस्थान में सभी टोल फ्री करने का ऐलान भी किया है।
किसानों ने तय किए कार्यक्रम
- 14 फरवरी : पुलवामा के शहीदों की याद में देशभर में कैंडल मार्च, मशाल जुलूस निकालेंगे।
- 16 फरवरी : किसान नेता सर छोटूराम की जयंती पर देशभर में श्रद्धांजलि देंगे।
दिल्ली हिंसा का एक और आरोपी गिरफ्तार
उधर, किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान 26 जनवरी को हुई हिंसा के मामले में लगातार दूसरे दिन दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने एक आरोपी इकबाल सिंह को गिरफ्तार किया। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम रखा गया था। इकबाल को पंजाब के होशियारपुर से अरेस्ट किया गया है। इससे पहले पुलिस ने पंजाबी सिंगर दीप सिद्धू को भी अरेस्ट किया था।
किसान आंदोलन 77 दिन में 70 जानें गईं
सिंघु बॉर्डर पर मंगलवार को एक किसान की मौत हो गई। मृतक का नाम हरिंदर और उम्र करीब 50 साल थी। कृषि कानूनों के खिलाफ किसान 26 नवंबर से दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान अलग-अलग वजहों से 70 किसानों की मौत हो चुकी है। कुछ ने खुदकुशी कर ली तो कुछ की मौत बीमारी या ठंड से हो गई।
Khabreelal News App: देश-दुनिया की खबरें, आपके शहर का हाल, एजुकेशन और बिज़नेस अपडेट्स, फिल्म और खेल की दुनिया की हलचल, वायरल न्यूज़ और धर्म-कर्म… हमारी कम्युनिटी ज्वाइन करे, पाएँ हिंदी की ताज़ा खबरें