UP : अपराधी-माफिया कोई भी हो...'सरकार उन्हें मिट्टी में मिलाने का काम करेगी'…प्रयागराज की घटना बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 

प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। सदन में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने एसपी पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। 
 
उत्तर प्रदेश में विधानमंडल का सत्र चल रहा है। शनिवार को जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो विधानसभा में विपक्ष के नेता अखिलेश यादव ने प्रयागराज में राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह की हत्या का मुद्दा उठाया और कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गई है।  सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।Read Also:-मेरठ : बसपा के पूर्व विधायक के कोल्ड स्टोरेज में बॉयलर फटने से हुआ बड़ा हादसा, चार लोगो की हुई मौत, 50 से ज्यादा हुए घायल

 

इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में कहा कि हम माफियाओं के खिलाफ हैं, हम उन्हें मिट्टी में मिला देंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अतीक अहमद को पनाह दी है। हम किसी माफिया को नहीं बख्शेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा माफियाओं की पोषक है। राजूपाल हत्याकांड में अतीक अहमद दोषी है और सपा ने उसे विधायक बनाकर समर्थन दिया था। अखिलेश यादव की तरफ इशारा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप खुद माफिया को पाल रहे हैं। इस पर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी की भाषा पर सवाल खड़े किए। इस पर कुछ देर सदन में हंगामा भी हुआ। हालांकि, अध्यक्ष सतीश महाना के हस्तक्षेप के बाद सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई।

 

 

शुक्रवार को बसपा विधायक राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह व वकील उमेश पाल की स्वचालित हथियारों से गोली मारकर हत्या कर दी गई। उमेश की सुरक्षा में तैनात गनर संदीप निषाद भी हमले में शहीद हो गए। प्रयागराज पश्चिम से विधायक राजू पाल की 25 जनवरी 2005 को हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद व उसके छोटे भाई पूर्व विधायक अशरफ पर मुकदमा चल रहा है।

 

राजनीतिक विश्वसनीयता पर भी जवाब दिया
नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव द्वारा भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक विश्वसनीयता पर सवाल उठाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजनीतिक विश्वसनीयता का सबसे बड़ा प्रमाण जनता का आदेश है। जनता ने लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 के साथ-साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 और 2022 में भी बीजेपी के पक्ष में जनादेश दिया है। यह राजनीतिक साख का सबसे बड़ा सबूत है।