मेरठ : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कटे 11 करोड़ रूपये के चालान, बाइक चलाने पर 20 हजार का होगा जुर्माना, सीसीटीवी में दिखाई दिए तो चालान पहुंचगा घर 

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर डेढ़ महीने में करीब 11 करोड़ रुपये के चालान काटे गए। इस एक्सप्रेस-वे पर दुपहिया और तिपहिया वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित है, फिर भी ये खूब चल रहे हैं। 
 
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर डेढ़ महीने में करीब 11 करोड़ रुपये के चालान काटे गए। इस एक्सप्रेस-वे पर दुपहिया और तिपहिया वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित है, फिर भी ये खूब चल रहे हैं। पुलिस ने अब चालान काटने के बावजूद चल रहे वाहनों को सीज करने का प्लान बनाया है। आज से ट्रैफिक पुलिस उन वाहनों पर सख्ती करेगी जिनके चालान पहले ही काटे जा चुके हैं। Read Also:-Delhi-Mumbai Expressway: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर NHAI ने किया बड़ा बदलाव, अब इन वाहनों को नहीं मिल पायेगी एंट्री

 

करीब 5567 प्रतिबंधित वाहनों के चालान काटे
एडीसीपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने कहा कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) पर दोपहिया और तिपहिया वाहनों का परिचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित है। ऐसे में दोनों एक्सप्रेसवे के आठ प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस तैनात कर प्रतिबंधित वाहनों के चालान काटे जा रहे हैं। एक जनवरी 2023 से 18 फरवरी तक 5567 वाहनों के चालान काटे गए हैं। इन वाहनों का 'नो एंट्री' में चालान किया जा रहा है, जिसका फाइन 20 हजार रुपए है। इस तरह 18 फरवरी तक 11 करोड़ रुपये से अधिक के चालान काटे जा चुके हैं।

 

चालान होने के बाद भी चल रहे वाहनों को सीज किया जाएगा
एडीसीपी ने कहा, पहले एक्सप्रेस-वे पर प्रतिदिन 200-250 बाइकों का चालान किया जाता था। अब इनकी संख्या घटकर 70 से 100 रह गई है। यानी चालान अधिक होने से लोग अब एक्सप्रेस-वे पर बाइक से सफर करने से परहेज कर रहे हैं। अभी भी कुछ लोग ऐसे हैं जो चालान की कार्रवाई से भी नहीं डर रहे और बाइक चला रहे हैं। अब ऐसे लोगों के वाहन सीधे जब्त किए जाएंगे।

 

अगर चालान से बचना है तो मोदीनगर होकर गुजरें
दरअसल, एनएचएआई (NHAI) ने इस एक्सप्रेसवे को दिल्ली-मेरठ के बीच यात्रा के समय को कम करने के लिए बनाया था। यहां चार पहिया वाहनों की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक होती है। हादसों से बचने के लिए एक्सप्रेस-वे पर दुपहिया और तिपहिया वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। ऐसे वाहन दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा करने के लिए गाजियाबाद-मोदीनगर-मेरठ राजमार्ग का उपयोग कर सकते हैं। लेकिन समय बचाने के लिए लोग एक्सप्रेस-वे पर बाइक भी दौड़ा रहे हैं। अब एक जनवरी 2023 से प्रतिबंधित वाहनों को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती दिखाई है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। 

 

हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं होने पर 740 वाहनों का चालान किया गया
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने भी सख्ती बरती है। 16 फरवरी से एचएसआरपी (HSRP) नहीं लगाने वाले वाहनों के चालान काटने शुरू कर दिए गए हैं। अब तक 740 वाहनों के चालान काटे जा चुके हैं। प्रत्येक चालान की कीमत 5,000 रुपये है।