गर्मी की मार और हीट वेव के बीच IMD ने दिया राहत भरा अपडेट, मानसून आने में बस इतनी देरी;   

 देश में गर्मी से हर किसी का बुरा हाल है। हालांकि बढ़ती गर्मी के बीच एक राहत की खबर आई है। आईएमडी के मुताबिक, मॉनसून केरल में दस्तक देने वाला है और 3-4 दिनों में उत्तर पूर्वी भारत को कवर कर लेगा। 
 
गर्मी से परेशान लोग मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। भारत के आधे से ज्यादा हिस्से में गर्मी का कहर जारी है। ऐसे में हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि आखिर मानसून कब आएगा? इस सवाल का जवाब भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दे दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून केरल में दस्तक देने वाला है। Read Also:-मेरठ : तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, भीषण गर्मी में सड़कों और बाज़ारों में सन्नाटा, बिजली की समस्या से भी लोग परेशान

 


मानसून अभी कहां तक पहुंचा?
आईएमडी के मुताबिक, मानसूनी हवाएं फिलहाल दक्षिणी अरब सागर और मालदीव तक पहुंच चुकी हैं। अरब सागर और हिंद महासागर में मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। ऐसे में मानसून के समय से पहले केरल पहुंचने की उम्मीद है। आपको बता दें कि मानसून लक्षद्वीप से दक्षिणी अरब सागर और मालदीव के रास्ते केरल में दस्तक देगा।

 

कब आएगा मानसून?
आईएमडी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मानसून के बारे में जानकारी दी है। इसके मुताबिक, 31 मई तक मॉनसून केरल में प्रवेश कर सकता है। आगे बढ़ते हुए मॉनसून महज 3-4 दिनों में उत्तर पूर्वी भारत के राज्यों में भी पहुंच जाएगा। इसके साथ ही आईएमडी ने मेघालय और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की आशंका जताई है।  इसके अलावा असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, केरल और माहे में भी भारी बारिश होने वाली है। 

 

मानसून समय से पहले आ गया
जहां एक तरफ देश में भीषण गर्मी पड़ रही है वहीं दूसरी तरफ मानसून भी जबरदस्त होगा। आईएमडी के मुताबिक इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। प्रशांत महासागर में ला नीना के कारण मॉनसून मजबूत हो गया है। यही कारण है कि इस बार मानसून बहुत तेजी से भारत की ओर बढ़ रहा है। आमतौर पर मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है। लेकिन इस बार मानसून 1 दिन पहले ही केरल में प्रवेश करेगा। उत्तर पूर्वी भारत को कवर करने के बाद मानसूनी हवाएँ उत्तर भारत और मध्य भारत की ओर बढ़ेंगी। ऐसे में जून के अंत तक मानसून पूरे भारत में छा जाएगा।