एयरलाइंस के लिए DGCA की नई गाइडलाइंस, यात्रियों को मैसेज और WhatsApp पर देनी होगी ताजा जानकारी

इंडिगो फ्लाइट में पायलट पर हमले के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एसओपी जारी की है। इस एसओपी में DGCA ने कहा है कि विमानन कंपनियों को खराब मौसम के कारण उड़ानों में देरी के बारे में यात्रियों को वास्तविक समय पर जानकारी देनी होगी ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। 
 
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने दिल्ली हवाई अड्डे पर कोहरे के कारण उड़ानों में देरी को लेकर एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है। DGCA ने कहा है कि विमानन कंपनियों द्वारा हवाईअड्डे पर इंतजार कर रहे यात्रियों को उड़ान में देरी की वास्तविक समय पर जानकारी दी जानी चाहिए ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। READ ALSO:-इंडिगो की फ्लाइट में पैसेंजर ने पायलट को मारा थप्पड़-फिर बोला SORRY, उड़ान में 13 घंटे की देरी से नाराज था; देखें वीडियो

 

इसके साथ ही डीजीसीए ने सभी एयरलाइंस से हवाई अड्डों पर कर्मचारियों को जागरूक करने और यात्रियों को उड़ान में देरी के बारे में सूचित करने को कहा है। इसके साथ ही कंपनियों की वेबसाइट पर उड़ानों से जुड़ी अपडेटेड जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। DGCA ने कहा कि यात्रियों को SMS, WhatsApp और ईमेल के जरिए भी अग्रिम सूचना दी जानी चाहिए।

 


DGCA द्वारा जारी SOP के महत्वपूर्ण बिंदु
  • एयरलाइंस को अपनी उड़ानों की देरी के संबंध में वास्तविक समय पर जानकारी देनी चाहिए।
  • एयरलाइंस की आधिकारिक वेबसाइट पर उड़ान में देरी से संबंधित अद्यतन जानकारी दी जानी चाहिए।
  • एयरपोर्ट पर वेटिंग हॉल में लगे डिस्प्ले पर उड़ानों से संबंधित अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
  • DGCA ने सभी एयरलाइंस से हवाईअड्डे के कर्मचारियों को जागरूक करने और यात्रियों को उड़ान में देरी के बारे में सूचित करने को कहा है।

 

 

यात्री ने दिल्ली से गोवा के लिए फ्लाइट बुक की थी।
बताया जा रहा है कि साहिल कटारिया ने दिल्ली से गोवा के लिए फ्लाइट बुक की थी। फ्लाइट में चढ़ने के बाद यात्रियों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट 10 घंटे से ज्यादा की देरी के बाद रविवार शाम 6 बजे दिल्ली से उड़ान भरी। रविवार को घने कोहरे के कारण उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

 

नागरिक उड्डयन मंत्री बोले- खराब आचरण स्वीकार्य नहीं
घटना के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यात्रियों का बुरा आचरण स्वीकार्य नहीं है और ऐसे लोगों से कानून के मुताबिक सख्ती से निपटा जाएगा। सिंधिया ने कहा था कि खराब मौसम के कारण विमान संचालन में देरी और यात्रियों के साथ बेहतर संचार स्थापित करने और असुविधा से बचने के लिए डीजीसीए एक मानक संचालन प्रक्रिया जारी करेगा।