भारत जोड़ो न्याय यात्रा: गुवाहाटी में कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दिया राहुल गांधी पर FIR का निर्देश

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने असम पुलिस को राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि ये असमिया संस्कृति का हिस्सा नहीं हैं। हम एक शांतिपूर्ण राज्य हैं। ऐसी "नक्सली रणनीति" हमारी संस्कृति से बिल्कुल अलग है। उन्होंने आगे लिखा कि भीड़ को उकसाने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए फुटेज को सबूत के तौर पर इस्तेमाल करें। 
 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हैं। इस यात्रा पर जमकर राजनीति हो रही है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा और राहुल गांधी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच मंगलवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के गुवाहाटी में प्रवेश पर रोक लगा दी गई, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और प्रदर्शन किया। इस दौरान गुस्साए कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। READ ALSO:-मेरठ : बदमाशों ने इंस्पेक्टर के सीने में मारी गोली, आरपार हो गई गोली...ICU में भर्ती; चोरी हुई कार का पीछा कर रहे थे, हालत गंभीर

 

मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज भी किया। इस झड़प का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो रही है। 

 

 

 

'बैरिकेड्स तोड़े गए हैं लेकिन हम कानून नहीं तोड़ेंगे'
इस मामले में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि हमने बाधाओं को तोड़कर जीत हासिल की है। इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि हमने बैरियर तोड़े हैं लेकिन हम कानून नहीं तोड़ेंगे। 

 

 

 

दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार सुबह असम की सीमा से लगे मेघालय के री भोई जिले में यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी मेघालय (USTM) में छात्रों, अन्य नागरिकों और पार्टी नेताओं के साथ अलग-अलग बातचीत करने वाले थे। कांग्रेस ने सोमवार को ही इस कार्यक्रम की जानकारी निजी विश्वविद्यालय को दे दी थी। लेकिन उन्हें अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद कार्यक्रम री भोई जिले के एक होटल में आयोजित किया गया। 

 

 

'BJP लोगों को गुलाम बनाना चाहती है'
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग आपको गुलाम बनाना चाहते हैं, लेकिन ब्रह्मांड की कोई ताकत ऐसा नहीं कर सकती। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि ऐसा सिर्फ असम में ही नहीं बल्कि देश के हर स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी में हो रहा है, लोगों को अपनी कल्पना भी नहीं करने दी जा रही है।