दिल्ली-देहरादून हाईवे पर टोलकर्मियों की गुंडागर्दी, गंगा स्नान कर लौट रहे परिवार के साथ मारपीट, CCTV से की जा रही हमलावरों की पहचान

मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून हाईवे टोल पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी टोलकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। टोल पर लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। मारपीट में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर टोल कर्मियों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रहे अलीगढ़ के एक परिवार को ऑनलाइन पेमेंट के विवाद में टोल कर्मियों ने पीट दिया। आरोपियों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की। घटना मुजफ्फरनगर जिले के हाईवे टोल पर हुई। READ ALSO:-जम्मू में हाईवे पर कालीधार मंदिर के पासबड़ा हादसा 21 श्रद्धालुओं की मौत, बस 150 फीट गहरी खाई में गिरी;

अलीगढ़ निवासी चेतन शर्मा अपने परिवार के साथ हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रहे थे। जब वे दिल्ली-देहरादून हाईवे पर छपार स्थित टोल प्लाजा पर पहुंचे तो टोल कर्मियों ने उन्हें रोक लिया। चेतन की गाड़ी में फास्ट टैग नहीं था। वह यूपीआई के जरिए पेमेंट करने की कोशिश कर रहे थे। वहां खराब नेटवर्क के कारण पेमेंट नहीं हो रहा था। 

 

टोल कर्मियों ने की पिटाई 
टोल कर्मियों और चेतन के बीच पेमेंट को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। इसी बीच टोल कर्मियों ने चेतन की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए युवक के परिजनों से भी टोल कर्मियों ने बदसलूकी की। आरोपियों ने परिवार की महिलाओं के साथ भी मारपीट की। महिलाओं ने बताया कि घटना के समय वे मदद की गुहार लगाती रहीं लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। 

 

CCTV के जरिए हमलावरों की पहचान की जा रही है 
छपार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पीड़ित परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुजफ्फरनगर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर आधा दर्जन टोलकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टोल पर लगे कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। एसपी सिटी का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।