2 लाख रुपए की रिश्वत लेते मेरठ का इंस्पेक्टर गिरफ्तार, सेटिंग केपैसे लेने हरियाणा गया था, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों पकड़ा
मेरठ के भावनपुर थाने में तैनात एक सब इंस्पेक्टर को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। फरीदाबाद एंटी करप्शन टीम ने सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह अपहरण के एक मामले को निपटाने के एवज में 2 लाख रुपये लेने आया था।
Jan 24, 2025, 15:24 IST
|

पुलिस व्यवस्था की जड़ें दिन-प्रतिदिन खोखली होती जा रही हैं। भ्रष्टाचार का घुन पूरी व्यवस्था में फैल चुका है। गुरुवार को भावनपुर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर को फरीदाबाद एंटी करप्शन टीम ने दो लाख की रिश्वत के साथ पलवल से रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सब इंस्पेक्टर ने अपहरण और फिरौती के मामले को खत्म करने के लिए दो लाख की मांग की थी। वह पैसे लेने के लिए एक महिला सब इंस्पेक्टर के साथ भावनपुर से पलवल पहुंचा था। एंटी करप्शन ने सब इंस्पेक्टर के बारे में एसएसपी को जानकारी दी। उन्होंने सब इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।READ ALSO:-TRAI SIM Validity Rules: 90 दिन की वैधता नियम पर उठे सवाल, TRAI ने अफवाहों को किया खारिज
बरेली निवासी लक्ष्मण सिंह 2017 में कांस्टेबल से पदोन्नत होकर सब इंस्पेक्टर बने थे। हाल ही में लक्ष्मण सिंह भावनपुर थाने में तैनात हैं। भावनपुर थाने में तीन सितंबर को एक लड़की का अपहरण कर पांच लाख की फिरौती मांगने का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले की जांच लक्ष्मण सिंह को दी गई थी। मामले में हरियाणा के पलवल के हथीन निवासी रिटायर्ड फौजी जाकिर हुसैन और उसके तीन बेटों को आरोपी बनाया गया था।
पिछले ढाई महीने से लक्ष्मण सिंह जाकिर हुसैन के बेटे जावेद से फोन पर बात कर रहा था। लक्ष्मण सिंह ने जावेद से कहा कि वह केस खत्म कर देगा। बदले में उसे पैसे देने होंगे। उसने बताया कि वह पलवल पहुंचकर ही रकम बताएगा। बुधवार को जावेद ने लक्ष्मण सिंह से बात की। उसने बताया कि उसने रकम तैयार कर ली है। वह कभी भी रकम लेने आ सकता है।
इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह सुबह 11 बजे पैसे लेने के लिए महिला इंस्पेक्टर अनीता के साथ अपनी कार से पलवल पहुंचे। उससे पहले ही जावेद ने पूरे मामले की जानकारी फरीदाबाद एंटी करप्शन टीम को दे दी थी। टीम पहले ही पलवल पहुंच चुकी थी। शाम तीन बजे जावेद ने लक्ष्मण सिंह को दो लाख रुपये दिए। उसने उक्त रकम अपनी जेब में रख ली, तभी फरीदाबाद एंटी करप्शन टीम ने लक्ष्मण को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
महिला इंस्पेक्टर अनीता को छोड़ दिया गया। हालांकि, लक्ष्मण सिंह अनीता को पैसों में हिस्सा देने का लालच देकर अपने साथ ले गया था। उसके बाद एंटी करप्शन टीम ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को मामले की जानकारी दी। उन्होंने तत्काल प्रभाव से लक्ष्मण सिंह को निलंबित कर दिया। इस मामले को खत्म करने के लिए मांगे थे दो लाख
भवनपुर के मेदपुर निवासी फरमूद अली ने बताया कि उनकी 25 वर्षीय बेटी तनकीला 29 अप्रैल को हापुड़ में रिश्तेदार फुरकान के घर जाने के लिए घर से निकली थी। तब से तनकीला का कोई पता नहीं चला। 8 मई 2024 को हथीन कस्बा पलवल हरियाणा निवासी जाकिर हुसैन ने फोन पर बताया कि तनकीला हमारे पास है। उसके बाद जाकिर के बेटे शोएब, जावेद और शाहरुख ने धमकी दी कि पांच लाख दे दो, तब तनकीला वापस कर दी जाएगी। उसके बाद पीड़िता ने 3 सितंबर को भावनपुर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। इसकी जांच इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह को दी गई थी।
लड़की ने प्रेमी के साथ ही परिजनों से सुरक्षा मांगी थी। रिटायर्ड फौजी जाकिर हुसैन ने बताया कि फौज के एक जवान ने उनके बेटे शाहरुख की शादी भावनपुर निवासी फरमूद अली की बेटी तनकीला से तय की थी। उसके बाद तनकीला और शाहरुख फोन पर बात करने लगे। इसी बीच फरमूद ने रिश्ता तोड़ दिया।
इसके बाद तनकीला घर से भागकर शाहरुख के पास आ गई। दोनों की शादी हो चुकी है। शाहरुख और तनकीला ने चंडीगढ़ कोर्ट में पेश होकर अपने परिवार से सुरक्षा मांगी थी। कोर्ट के आदेश पर तनकीला के परिवार के बयान दर्ज किए गए हैं।