बिजनौर: शेरकोट में भाजपा मंडल अध्यक्ष ने थाने में दरोगा को जड़ा थप्पड़, पुलिस ने दो को हिरासत में लिया, कार्यकर्ताओं ने घेरा थाना
इंस्पेक्टर के साथ मारपीट के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया, आरोपी नेता को मुचलके पर रिहा किया गया
Mar 15, 2025, 18:36 IST
|

बिजनौर के शेरकोट थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बढ़ापुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष भीम सिंह उर्फ सचिन सैनी ने थाने के अंदर ही दरोगा बिजेंद्र राठी को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी नेता और उसके साथी को हिरासत में ले लिया, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के थाने घेरने और हंगामे के बाद दोनों को निजी मुचलके पर जमानत दे दी गई।Read also:-बिजनौर: शेरकोट में होली मनाने आया व्यक्ति नहर में डूबा, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे गांव परमावाला में होली खेलने के दौरान डीजे पर डांस को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। दोपहर करीब 2 बजे, एक पक्ष की ओर से भाजपा मंडल अध्यक्ष भीम सिंह उर्फ सचिन सैनी भी थाने पहुंचे और पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का दबाव बनाने लगे।
इसी दौरान, दोपहर 2:45 बजे दरोगा बिजेंद्र राठी होली की गश्त से वापस थाने पहुंचे। नेता और उनके साथी दरोगा पर अपने समर्थकों को मेडिकल जांच के लिए भेजने का दबाव बनाने लगे, जबकि दरोगा राठी ने दूसरे पक्ष के लोगों को भी मेडिकल के लिए भेज दिया। इसी बात को लेकर भाजपा नेता और दरोगा के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई, जिसके बाद दोपहर 2:55 बजे नेता भीम सिंह ने दरोगा बिजेंद्र राठी को थप्पड़ मार दिया।
घटना के समय अधिकांश पुलिस बल होली की ड्यूटी पर तैनात था, जिसके चलते आरोपी भाजपा नेता आसानी से थाने से निकल गए। सूचना मिलने पर एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, सीओ अफजलगढ़ अंजनी कुमार और एसओ पुष्पेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उच्चाधिकारियों के आदेश पर भाजपा नेता भीम सिंह और उनके साथी रूपचंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें दोपहर 3:30 बजे हिरासत में ले लिया गया।
जैसे ही गिरफ्तारी की खबर फैली, शाम 4 बजे दर्जनों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शेरकोट थाने पर जमा हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। थाने के बाहर करीब 10 घंटे तक हंगामा चलता रहा। आखिरकार, रात 12:30 बजे पुलिस ने भाजपा नेता और उनके साथी रूपचंद को निजी मुचलके पर जमानत पर रिहा कर दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता वापस लौटे।
इस मामले पर एसपी अभिषेक झा ने बताया कि दरोगा की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को मुचलके पर रिहा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कानूनी कार्रवाई जारी है। बता दें कि दरोगा बिजेंद्र राठी 35 महीने बाद सेवानिवृत्त होने वाले हैं और लगभग डेढ़ साल से शेरकोट थाने में तैनात हैं। वहीं, आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष भीम सिंह सैनी उर्फ सचिन स्योहारा शुगर मिल में कार्यरत हैं और उन्हें 7 जनवरी 2025 को बढ़ापुर मंडल अध्यक्ष का पद मिला था।