देश-प्रदेश की मूल और उन्नत नस्ल की दुधारु गायों को मिलेगा पुरस्कार

                                                                                            पशुपालन मंत्री श्री पटेल 28 मई को करेंगे पुरस्कार वितरण
 | 
MP
मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना में प्रदेश की मूल गो-वंशीय नस्ल एवं भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारु गायों का राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह 28 मई को बड़वानी जिले के ग्राम धाबाबावड़ी में होगा। पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। पशुपालन विभाग द्वारा मध्यप्रदेश की मूल नस्ल की गायें- मालवी, निमाड़ी और केनकथा के साथ भारतीय उन्नत नस्ल के गो-पालन को बढ़ावा देने के लिये प्रदेश के सभी जिलों में एक से 15 फरवरी 2023 तक प्रतियोगिताएँ की गई थीं।

 

प्रदेश की मूल नस्ल की 14 लीटर से अधिक दूध देने वाली गाय को प्रथम पुरस्कार
योजना में जिला स्तरीय प्रतियोगिता के बाद राज्य स्तर पर सर्वाधिक दुधारु गायों का चयन किया गया है। दोनों ही प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार 2 लाख, द्वितीय एक लाख और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रूपये का होगा। प्रदेश की मूल गो-वंशीय नस्ल की गायों की प्रतियोगिता में शाजापुर जिले के श्री आशीष शर्मा की 14.760 लीटर दूध देने वाली मालवी गाय को प्रथम, उज्जैन जिले के बांदरबेला बड़नगर के श्री घनश्याम प्रजापति की 12.882 लीटर दूध देने वाली मालवी गाय को द्वितीय और धार जिले के पटलावद के श्री दीपक वर्मा की 11.96 लीटर दूध देने वाली निमाड़ी गाय को तृतीय पुरस्कार मिलेगा।

 

भारतीय उन्नत नस्ल की 25 लीटर से अधिक दूध देने वाली गाय को प्रथम पुरस्कार
भारतीय उन्नत नस्ल में छतरपुर जिले के नयागाँव के श्री राजमणि यादव की 25.21 लीटर दूध देने वाली गिर नस्ल की गाय को प्रथम, नीमच की श्रीमती नीलू मुरारी की 22.45 लीटर दूध देने वाली गिर नस्ल की गाय को द्वितीय और सिंगरौली जिले के कथुरा निवासी श्री रावेन्द्र कुमार पाण्डे की 20.99 लीटर दूध देने वाली साहीवाल नस्ल की गाय को तृतीय पुरस्कार दिया जायेगा।

देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें अब पाएं अपने WHATSAPP पर, क्लिक करें। Khabreelal के Facebookपेज से जुड़ें, Twitter पर फॉलो करें। इसके साथ ही आप खबरीलाल को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है। हमारे Telegram चैनल को ज्वाइन कर भी आप खबरें अपने मोबाइल में प्राप्त कर सकते है।