UP : धार्मिक स्थलों से हटाए गए लाउडस्पीकर, उत्तर प्रदेश  पुलिस ने चलाया मेगा अभियान

उत्तर प्रदेश पुलिस के मेगा अभियान के तहत पूरे प्रदेश में धार्मिक और सार्वजनिक स्थानों पर लगे लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया गया।  जांच के दौरान मानक के विपरीत शोर पैदा करने वाले लाउडस्पीकरों की आवाज कम कर दी गयी और अवैध रूप से लगाये गये लाउडस्पीकरों को पुलिस ने हटा दिया। यह अभियान लखनऊ समेत प्रदेश के सभी जिलों में चलाया गया। 
 
उत्तर प्रदेश में सोमवार सुबह योगी सरकार के आदेश पर सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों को अभियान चलाकर हटा दिया गया। यह अभियान पूरे एक माह तक चलाया जायेगा। अभियान के पहले दिन राज्य के सभी जिलों में निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक के 3238 लाउडस्पीकर हटाये गये। पुलिस ने इन्हें जब्त कर कार्रवाई की है।READ ALSO:-UP : योगी आदित्यनाथ जी, ये दुःख असहनीय...आज मैं-कल ये ही कदम मेरा परिवार, महिला ने Video बनाया और फिर लगा ली फांसी

 

वहीं, राज्य में सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर लगे 61399 लाउडस्पीकरों की जांच की गई। इनमें से मानक के विपरीत पाए गए 7288 लाउडस्पीकरों की आवाज घटाकर मानक के अनुरूप कर दी गई। प्रदेश भर में चलाए गए इस अभियान में पुलिस को मंदिर-मस्जिद समितियों का भरपूर सहयोग मिला। यह अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में सुबह 5 बजे से 7 बजे तक चलाया गया। 

 

नोएडा पुलिस ने 17 पुजारियों और मौलानाओं को नोटिस दिया
उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश के बाद नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में नोएडा पुलिस ने धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया और अभियान चलाया. पुलिस ने 188 धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने वालों पर कार्रवाई कर लोगों को जागरूक किया। पुलिस ने 188 धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया, जिसमें 47 स्थानों पर मानक सही पाए गए और अधिक आवाज में बजाने पर 17 लाउडस्पीकर हटा दिए गए। इसके साथ ही 17 मंदिरों के पुजारियों और मौलानाओं को नोटिस जारी कर उन्हें जागरूक किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने 21 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। डीपी नोएडा हरिश्चंद्र के मुताबिक शासन के आदेशानुसार नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में नोएडा पुलिस ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर अभियान चलाया। 

 

 

बाराबंकी एसपी ने मस्जिद से लाउडस्पीकर हटवाए
बाराबंकी जिले में अभियान के तहत एसपी दिनेश कुमार सिंह सुबह शहर के धार्मिक स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने दो मस्जिदों के लाउडस्पीकर अमानक पाए जाने पर हटवा दिए। उनके निर्देश पर जिले भर में सार्वजनिक स्थलों व धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की जांच की गयी। इनमें से 868 सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर एवं ध्वनिक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। पुलिस चेकिंग के दौरान 338 लाउडस्पीकर उपकरण अमानक पाए गए। मानक के अनुरूप 252 लाउडस्पीकरों की आवाज कम कर दी गई। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों से 86 लाउडस्पीकर हटा दिए गए। 

 

इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर थाना कोतवाली नगर, रामनगर एवं कुर्सी पुलिस टीम द्वारा धारा 188 के तहत कार्यवाही भी की गयी। धार्मिक स्थलों के जिम्मेदारों को लाउडस्पीकर की आवाज मानक के अनुरूप रखने की सख्त हिदायत दी गई। बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्र ने बताया है कि एडीजी कानून व्यवस्था के निर्देश पर पूरे जिले में धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया गया है। जांच के दौरान मानकों के विपरीत शोर पैदा करने वाले लाउडस्पीकरों की आवाज कम कर दी गई है और अवैध रूप से लगाए गए लाउडस्पीकरों को पुलिस ने हटा दिया है।