UP : पहले पत्नी को फिर खुद को मारी गोली, बिचौलिए को मारने आए थे पति-पत्नी, 4 महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी तड़पती रही...लोग बनाते रहे VIDEO 

 प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। सूचना के बाद सीओ भोपा और थाना प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे। मामले की जांच की जा रही है। 
 
मुजफ्फरनगर में बीच सड़क पर पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले युवक अपनी शादी कराने वाले मौसेरे भाई को मारने आया था। हालांकि, मौसेरा भाई घर से बाहर नहीं आया। उसके घर के बाहर शोर मचाने पर जब एक पड़ोसी ने चिल्लाने का कारण पूछा तो युवक ने उस पर भी गोली चला दी। उसके गले में छर्रे लगे हैं। पूरी घटना भोपा कोतवाली के गांव गादला की है। गोली लगने के बाद महिला तड़पने लगी।और मौके पर मौजूद लोग वीडियो बनाते रहे। READ ALSO:-मेरठ: शराब पिलाई और फिर दोस्तों ने कर दी मनोज की हत्या, शव को गन्ने के खेत में दफनाया, सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

 

मुजफ्फरनगर के गांव मखियाली निवासी नसीम की शादी 4 माह पहले गाजियाबाद के लोनी निवासी तमन्ना से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, नसीम और तमन्ना की शादी नसीम के मौसेरे भाई सद्दाम ने कराई थी। 

 

शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। गुरुवार को भी सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में नसीम ने सद्दाम को फोन किया। कहा कि उसने दोनों की शादी कराकर गलत किया। इसके बाद शुक्रवार सुबह 5.30 बजे नसीम अपनी पत्नी तमन्ना को बाइक से लेकर गादला गांव में सद्दाम के घर पहुंचा। 

 

नसीम सद्दाम के घर के बाहर पहुंचा और उसे बुलाया। लेकिन, सद्दाम घर से बाहर नहीं निकला। वह अंदर छुप गया। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाला साबिर बाहर आया। उन्होंने नसीम से चिल्लाने का कारण पूछा? गुस्साए नसीम ने साबिर पर गोली चला दी। इसके बाद मौके पर काफी लोग जमा हो गये। 

 

यहां से नसीम अपनी पत्नी तमन्ना को बाइक पर बैठाकर चला गया। कुछ दूर जाने के बाद उसने बाइक रोकी और पत्नी तमन्ना के सीने में गोली मार दी। इसके बाद नसीम ने खुद को गोली मार ली। एसपी देहात ने बताया कि दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है। 

 

महिला तड़पती रही, लोग वीडियो बनाते रहे
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि सीने में गोली लगने के बाद तमन्ना सड़क पर तड़पती रहीं। पर आसपास के लोग उसकी मदद करने की बजाय वीडियो बनाते रहे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही तमन्ना ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया।

 

मौसेरे भाई बिचौलिया सद्दाम को पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने में रखा है। पता चला है कि नसीम शादी से पहले सऊदी अरब में था। वहां उसने ड्राइवर के रूप में काम किया। उसके पास पिस्तौल कहां से आई, क्या उसका कोई आपराधिक इतिहास है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।