UP : परिवार अंगीठी जलाकर सो रहा था, दम घुटने से 5 लोगों की हुई दर्दनाक मौत, 2 की हालत गंभीर; 

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। घर में सो रहे परिवार के सात सदस्यों में से पांच की दम घुटने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सोमवार की रात परिवार के सदस्य घर के अंदर अंगीठी में आग जलाकर सो रहे थे।
 
अमरोहा के सैद नगली थाना क्षेत्र में घर में सो रहे सात लोगो में से पांच डैम घुटने से की मौत हो गई। वहीं इस घटना में 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बीते सोमवार की रात करीब 10 बजे सभी लोग ठंड से बचने के लिए घर के एक कमरे में अंगीठी जलाकर सो गये। मंगलवार सुबह से शाम तक परिवार के सदस्यों की कोई गतिविधि नहीं हुई तो पड़ोसी को शक हुआ। पड़ोसी गेट तोड़कर अंदर गए तो देखा कि परिवार के पांच सदस्य मृत पड़े थे, जबकि दो बेहोशी की हालत में थे।READ ALSO:-बेटे की हत्या कर अपने हाथ की नस काट कर AI कंपनी की CEO सूचना सेठ खुद भी करना चाहती थी आत्महत्या

 

आपको बता दें कि ये दर्दनाक हादसा सैद नगली थाना क्षेत्र के अल्लीपुर भूड़ गांव में हुआ। रईसुद्दीन संभल-काशीपुर में ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उनका घर गांव के बाहर हसनपुर-संभल मार्ग पर है। सोमवार को उनके बहनोई सिहाली जागीर निवासी रियासत अपनी बेटी महक के साथ आए थे। जबकि धनौरा निवासी बहनोई आस मोहम्मद की बेटी कशिश भी रईसुद्दीन के घर आई थी। रात को खाना खाने के बाद सभी लोग घर के कमरे में सो गये। इस दौरान उन्होंने खुद को ठंड से बचाने के लिए कोयले का अलाव जलाकर कमरे में रखा। जिसके कारण रात में कोयले से निकलने वाले धुएं से परिवार के सभी सदस्यों का दम घुट गया। इस घटना की जानकारी आसपास के लोगों को भी नहीं हुई। 

 

रात में अंगीठी का धुआं पूरे घर में भर गया। मंगलवार सुबह से शाम तक जब पड़ोस के लोगों ने घर में कोई हलचल नहीं देखी तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। लोगों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो घर में धुआं भरा हुआ था और परिवार के सदस्य बिस्तर पर पड़े थे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। तत्काल एडीएम सुरेंद्र सिंह और एएसपी राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और सभी को अस्पताल ले गई, जहां पांच लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया और इलाज शुरू किया गया। 
घटना की जानकारी पाकर सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने घटना की जांच की। सीओ ने बताया कि हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो की हालत गंभीर है  दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घर चिमनी के धुएं से भर गया था। प्रथम दृष्टया दम घुटने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।