UP : होटल में मिले लड़का-लड़की के शव, लड़का फंदे से लटका था, लड़की की लाश बेड पर पड़ी थी, मुंह से निकल रहा था झाग

संभल के एक होटल में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों का कहना है कि उन्हें दोनों के बीच किसी संपर्क की जानकारी नहीं है।
 
उत्तर प्रदेश के संभल में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां हसनपुर रोड पर फत्तेहउल्लाह सराय स्थित एआर (AR Hotel) होटल के कमरे में गुरुवार देर रात एक युवक और युवती के शव मिले। युवक का शव फंदे से लटका मिला और युवती का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि युवती की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है और शिवम ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।Read also:-UP सरकार दे रही है घरबैठे इनकम का मौका, पर्यटन विभाग देगा सबसिडी

 

युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
आपको बता दें कि यह घटना संभल कोतवाली क्षेत्र के संभल-हसनपुर मार्ग पर फत्तेहउल्लाह सराय स्थित एआर होटल में हुई। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गुरुवार देर रात संभल कोतवाली क्षेत्र के एक होटल के कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी कि होटल के कमरे में एक युवक और युवती संदिग्ध हालत में मृत पड़े हैं। उन्होंने बताया कि शिवम (22) ने पंखे से लटककर जान दे दी, जबकि स्वीटी (23) की मौत कोई जहरीला पदार्थ खाने से हुई है।

 

पुलिस ने क्या कहा 
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। लड़की संभल के हयात नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी, जबकि लड़का दिल्ली का रहने वाला था। वहीं, होटल मैनेजर अमित ने बताया कि लड़का और लड़की ने गुरुवार सुबह कमरा लिया था। दोनों ने अपनी आईडी भी जमा कर दी थी। दोनों को रात 11:15 बजे कमरा खाली करना था।

 

मैनेजर ने बताया कि रात करीब पौने दस बजे वह दोनों से पूछने गया कि कब तक कमरा खाली कर दोगे। घंटी बजाने और आवाज लगाने पर जब दरवाजा नहीं खुला तो वह सीढ़ियों से चढ़कर अंदर झांका तो लड़की का शव बेड पर पड़ा था और लड़के का शव फंदे पर लटक रहा था। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

घटना की जानकारी मिलने पर एसपी कुलदीप सिंह गुनावत भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि स्वीटी गुरुवार सुबह पार्लर जाने के लिए घर से निकली थी। शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो उन्होंने उसकी तलाश की और फोन भी किया लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने बताया कि युवक के उनके मोहल्ले में रिश्तेदार हैं। वह अक्सर आता था लेकिन स्वीटी से उसके संपर्क की कोई जानकारी नहीं थी।

 

होटल के कमरे में युवक-युवती के शव मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। युवक या युवती के परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।- कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी संभल